इंडस्ट्रियल कॉरिडोर पर भाजपा विधायक का अपनी ही सरकार पर तंज, बोले- ‘छोटे नेताओं से भी कर लेते चर्चा’

WhatsApp Channel Join Now
इंडस्ट्रियल कॉरिडोर पर भाजपा विधायक का अपनी ही सरकार पर तंज, बोले- ‘छोटे नेताओं से भी कर लेते चर्चा’


भाेपाल, 23 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश में प्रस्तावित इंडस्ट्रियल कॉरिडोर को लेकर भाजपा के वरिष्ठ विधायक और पूर्व मंत्री अजय विश्नोई ने अपनी ही सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।

जबलपुर जिले की पाटन विधानसभा सीट से विधायक विश्नोई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर परियोजना की योजना तैयार करने के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों से चर्चा नहीं किए जाने पर नाराजगी जताई। उन्होंने व्यंग्यात्मक लहजे में कहा कि सरकार और संबंधित विभाग योजना बनाते समय उनके जैसे ‘छोटे नेताओं’ से भी चर्चा कर लेते तो बेहतर होता।

अजय विश्नोई ने शुक्रवार काे अपनी पोस्ट में कहा कि उन्हें इस बड़े औद्योगिक प्रोजेक्ट की जानकारी प्रशासनिक बैठकों या आधिकारिक माध्यमों के बजाय अखबारों में प्रकाशित तस्वीरों और सोशल मीडिया पर सामने आ रही उद्योगपतियों की तस्वीरों से मिल रही है। उनका कहना है कि जब उनकी विधानसभा का हिस्सा भी इंडस्ट्रियल कॉरिडोर में शामिल है, तब भी उन्हें यह जानकारी नहीं है कि उनके क्षेत्र में कौन-सा उद्योग स्थापित होने जा रहा है।

भाजपा विधायक की आपत्ति परियोजना के विरोध से ज्यादा उसकी जानकारी और योजना बनाने की प्रक्रिया में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भागीदारी को लेकर सामने आई है। उन्होंने सवाल उठाया कि जिस क्षेत्र में औद्योगिक निवेश की योजना बनाई जा रही है, वहां के निर्वाचित प्रतिनिधियों को ही इसकी विस्तृत जानकारी नहीं मिल रही है। ऐसे में परियोजना के तहत प्रस्तावित उद्योगों और उनके स्थानीय स्तर पर क्रियान्वयन को लेकर स्थिति स्पष्ट होना जरूरी है। विश्नोई ने इन्वेस्टर मीट से लेकर अब तक हुए आयोजनों का उल्लेख करते हुए कहा कि वह लंबे समय से इस इंतजार में हैं कि निवेश की घोषणाएं धरातल पर कब और किस रूप में दिखाई देंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765731 Articles

Share this story