राजगढ़ः भाजपा का ‘गुरु रविदास समरसता संकल्प अभियान’ 29 जुलाई से

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः भाजपा का ‘गुरु रविदास समरसता संकल्प अभियान’ 29 जुलाई से


राजगढ़ः भाजपा का ‘गुरु रविदास समरसता संकल्प अभियान’ 29 जुलाई से


राजगढ़, 28 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में भारतीय जनता पार्टी की जिला बैठक मंगलवार को वंदे मातरम भवन स्थित जिला कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक में 29 जुलाई से शुरू होने वाले ‘श्री गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान’ की रूपरेखा पर चर्चा की गई।

कार्यक्रम में पूर्व विधायक रघुनंदन शर्मा मुख्य अतिथि एवं भाजपा जिला अध्यक्ष ज्ञानसिंह गुर्जर अध्यक्ष के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता, संत शिरोमणि गुरु रविदास, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। मंच पर पूर्व विधायक प्रताप मंडलोई, पूर्व जिला अध्यक्ष दीपक शर्मा, जिला महामंत्री देवीसिंह सोंधिया और मंडल अध्यक्ष सचिन मौर्य भी मौजूद रहे।

पूर्व विधायक रघुनंदन शर्मा ने कहा कि संत गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में भाजपा द्वारा 29 जुलाई (गुरु पूर्णिमा) से 20 फरवरी 2027 तक राष्ट्रव्यापी समरसता संकल्प अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत धार्मिक, सामाजिक, सांस्कृतिक और जनसंपर्क कार्यक्रमों के माध्यम से संत रविदास के समता, भक्ति, सेवा, सामाजिक न्याय और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि समाज में समरसता और एकता को मजबूत करना समय की आवश्यकता है।

जिला अध्यक्ष ज्ञानसिंह गुर्जर ने बताया कि अभियान के अंतर्गत जिले के सभी मंडलों में 29 जुलाई को संत गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती मनाई जाएगी। साथ ही संत रविदास मंदिरों और उनके परिसरों के विकास तथा सामाजिक समरसता से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। बैठक में वक्ताओं ने संत रविदास और मीराबाई के आध्यात्मिक संबंध का उल्लेख करते हुए सामाजिक एकता और राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story