जबलपुरः मंत्री राकेश सिंह के मुख्य आतिथ्य में दो दिवसीय वृहद संपत्ति विक्रय मेले का हुआ शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now
जबलपुरः मंत्री राकेश सिंह के मुख्य आतिथ्य में दो दिवसीय वृहद संपत्ति विक्रय मेले का हुआ शुभारंभ


जबलपुर, 31 अक्टूबर (हि.स.)। जबलपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) द्वारा आम नागरिकों को आवासीय एवं व्यावसायिक संपत्तियां उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित दो दिवसीय वृहद संपत्ति विक्रय मेले का शनिवार को गुजराती मंडल भवन, सिविक सेंटर में भव्य शुभारंभ प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह के मुख्य आतिथ्य में हुआ। कार्यक्रम में शहर के जनप्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधि संस्थाओं के पदाधिकारियों, प्राधिकरण के अधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं सामूहिक राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम्' के गायन के साथ हुआ। तत्पश्चात जबलपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष संदीप जैन, उपाध्यक्ष एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी विवेक के. व्ही. ने मंचासीन अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया।

मेले की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि नागरिकों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने के स्थान पर एक ही स्थान पर संपत्तियों की जानकारी, उनके ले-आउट, नियम एवं शर्तों तथा आवेदन की प्रक्रिया की सुविधा मिल रही है। इसके साथ ही विभिन्न बैंकों एवं वित्तीय संस्थानों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी से इच्छुक खरीदारों को ऋण संबंधी मार्गदर्शन भी प्राप्त हो रहा है। पारदर्शिता और सरलता के साथ नागरिकों को संपत्ति उपलब्ध कराने की यह व्यवस्था प्राधिकरण के प्रति आमजन का विश्वास मजबूत करेगी।

मुख्य अतिथि लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने अपने उद्बोधन में संपत्ति विक्रय मेले के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि सरकार के किसी भी उपक्रम अथवा संस्था की सार्थकता तभी सिद्ध होती है, जब वह अपने गठन के मूल उद्देश्यों के अनुरूप जनता की सुविधाओं और आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए कार्य करे। किसी भी विकास प्राधिकरण की जिम्मेदारी केवल योजनाएं बनाना और संपत्तियों का विकास करना नहीं है, बल्कि आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और उनके जीवन को सुगम बनाना भी है।

उन्होंने कहा कि जबलपुर विकास प्राधिकरण का गठन भी इसी उद्देश्य से किया गया था कि शहर के सुनियोजित विकास के साथ नागरिकों को आवासीय एवं व्यावसायिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। प्रसन्नता का विषय है कि प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री संदीप जैन एवं उपाध्यक्ष प्रशांत केसरवानी अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए जनहित में लगातार प्रयास कर रहे हैं। यह संपत्ति विक्रय मेला उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

मंत्री सिंह ने कहा कि देश में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में और मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी के नेतृत्व में विकास के नए आयाम स्थापित किए जा रहे हैं। केंद्र और प्रदेश सरकार की प्राथमिकता विकास को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। सड़क, आवास, आधारभूत संरचना, शहरी सुविधाओं और नागरिक सेवाओं के विस्तार के साथ शहरों को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित किया जा रहा है। इस विकास यात्रा में जबलपुर विकास प्राधिकरण भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

उन्होंने कहा कि जबलपुर ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं प्राकृतिक दृष्टि से विशिष्ट पहचान रखने वाला शहर है। यहां तेजी से बढ़ती आबादी और नागरिकों की आवश्यकताओं को देखते हुए सुनियोजित शहरी विकास की आवश्यकता है। जबलपुर को आधुनिक, व्यवस्थित एवं सर्वसुविधायुक्त शहर बनाने के लिए आवासीय योजनाओं, व्यावसायिक परिसरों और नागरिक सुविधाओं का विस्तार आवश्यक है। जेडीए द्वारा आयोजित यह संपत्ति विक्रय मेला इसी सोच को आगे बढ़ाने वाला प्रयास है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह संपत्ति विक्रय मेला जबलपुर के विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा और आने वाले समय में जबलपुर विकास प्राधिकरण अपने नाम के अनुरूप शहर के समग्र विकास में महत्वपूर्ण योगदान देता रहेगा।

कार्यक्रम में स्वागत उद्बोधन देते हुए जबलपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष संदीप जैन ने कहा कि प्राधिकरण का मूल संकल्प जबलपुर का सुनियोजित विकास करने के साथ प्रत्येक नागरिक को सुलभ, सुरक्षित एवं व्यवस्थित संपत्ति उपलब्ध कराना है। शहर का विकास तभी सार्थक होता है, जब विकास योजनाओं का लाभ सीधे आम नागरिकों तक पहुंचे और उनकी आवासीय एवं व्यावसायिक आवश्यकताओं की पूर्ति हो।

उन्होंने कहा कि आज प्रत्येक परिवार का सपना होता है कि उसका अपना एक सुरक्षित आशियाना हो और प्रत्येक युवा एवं व्यवसायी की इच्छा होती है कि उसे अपने व्यवसाय के लिए उपयुक्त स्थान उपलब्ध हो। जबलपुर विकास प्राधिकरण इन सपनों को साकार करने के उद्देश्य से लगातार योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रहा है। संपत्ति विक्रय मेला इसी दिशा में एक सार्थक और जनहितकारी पहल है।

जैन ने कहा कि इस मेले के माध्यम से प्राधिकरण ने अपनी विभिन्न योजनाओं की संपत्तियों को एक ही मंच पर उपलब्ध कराया है, ताकि नागरिक अपनी आवश्यकता, पसंद और आर्थिक क्षमता के अनुरूप संपत्ति का चयन कर सकें। मेले में पारदर्शी प्रक्रिया अपनाई गई है। इच्छुक नागरिकों को संपत्तियों की विस्तृत जानकारी, ले-आउट, नियम एवं शर्तें उपलब्ध कराने के साथ ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी दी जा रही है।

समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद सुमित्रा बाल्मीक, लोकसभा सांसद आशीष दुबे, महापौर जगत बहादुर सिंह 'अन्नू', विधायक अशोक रोहाणी, अभिलाष पाण्डे, नीरज सिंह, नगर निगम अध्यक्ष रिंकूज विज, पूर्व सांसद आलोक संजर, भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन, भाजपा नगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर एवं भाजपा ग्रामीण अध्यक्ष राजकुमार पटेल सहित जबलपुर विकास प्राधिकरण के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770252 Articles

Share this story