मतदान के बाद भाजपा-कांग्रेस प्रत्याशी रहे सक्रिय, आशुतोष ने किया योगाभ्यास, घनश्याम ने कार्यकर्ताओं से की चर्चा

WhatsApp Channel Join Now
मतदान के बाद भाजपा-कांग्रेस प्रत्याशी रहे सक्रिय, आशुतोष ने किया योगाभ्यास, घनश्याम ने कार्यकर्ताओं से की चर्चा


दतिया, 31 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान संपन्न होने के बाद शुक्रवार को भाजपा और कांग्रेस के दोनों प्रमुख प्रत्याशी अपने-अपने कार्यकर्ताओं के साथ चुनावी समीक्षा में जुटे रहे। भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने दिन की शुरुआत योगाभ्यास और पूजा-अर्चना से की, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर मतदान की स्थिति पर चर्चा की।

भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने प्रतिदिन की तरह सुबह योगाभ्यास किया। इसके बाद घर पर पूजा-पाठ कर मां पीताम्बरा मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन किया तथा दतिया विधानसभा क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। बाद में उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर मतदान की स्थिति पर चर्चा की और चुनावी फीडबैक लिया।

आशुतोष तिवारी ने कार्यकर्ताओं से चर्चा के दौरान भाजपा की जीत का विश्वास जताया तथा चुनाव अभियान में सहयोग के लिए कार्यकर्ताओं, पार्टी नेतृत्व और संगठन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान कार्यकर्ताओं ने पूरी निष्ठा के साथ संगठन के लिए कार्य किया।

भाजपा सूत्रों के अनुसार, मतदान वाले दिन भी आशुतोष तिवारी सुबह से देर रात तक विभिन्न मतदान केंद्रों की जानकारी लेते रहे और कार्यकर्ताओं के संपर्क में रहे। मतदान समाप्त होने के बाद भी उन्होंने देर रात तक चुनावी गतिविधियों की समीक्षा की।

वहीं कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने भी मतदान के अगले दिन कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर मतदान की स्थिति पर मंथन किया। उन्होंने दिनभर पार्टी पदाधिकारियों और समर्थकों से चर्चा कर विभिन्न क्षेत्रों से प्राप्त फीडबैक लिया।

कांग्रेस सूत्रों के अनुसार, मतदान समाप्त होने के बाद घनश्याम सिंह देर रात पॉलीटेक्निक कॉलेज भी पहुंचे, जहां मतगणना तक ईवीएम सुरक्षित रखी गई हैं। शुक्रवार को भी उन्होंने कार्यकर्ताओं से लगातार संपर्क बनाए रखा और चुनावी स्थिति की समीक्षा करते रहे।

मतदान संपन्न होने के बाद अब दोनों प्रमुख दलों के प्रत्याशी मतगणना से पहले संगठनात्मक गतिविधियों और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद में सक्रिय हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

Share this story