भाजपा का 47वां स्थापना दिवस: सागर में ‘ध्वज यात्रा’ के साथ शक्ति प्रदर्शन
सागर, 06 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी ने अपना 47वां स्थापना दिवस पूरे उत्साह और जोश के साथ मनाया। इस अवसर पर मध्य प्रदेश में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए, जबकि मुख्य आयोजन भोपाल स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की उपस्थिति में संगठन को मजबूत करने की दिशा में कई अहम पहल की गईं। इस दौरान वर्चुअल माध्यम से प्रदेश के 13 जिलों में नए भाजपा जिला कार्यालयों का भूमिपूजन किया गया, वहीं 4 जिलों में निर्माण कार्यों का शुभारंभ भी हुआ।
सागर में स्थापना दिवस के अवसर पर जिला भाजपा कार्यालय में जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी के नेतृत्व में कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यकर्ताओं ने सुबह अपने-अपने घरों पर पार्टी ध्वज फहराकर दिन की शुरुआत की। इसके बाद जिला कार्यालय में ध्वजारोहण किया गया।
ली गई भव्य ‘ध्वज यात्रा’ रही, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर पार्टी के प्रति अपनी निष्ठा और उत्साह का प्रदर्शन किया। यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने देशभक्ति के नारे लगाए और संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया। इस अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं ने “सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण” के संकल्प को दोहराते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में सांसद डॉ. लता वानखेड़े, विधायक प्रदीप लारिया, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत, नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, पूर्व विधायक पारुल साहू सहित कई जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी मौजूद रहे।
अंत में जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा का माध्यम है। उन्होंने कहा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्रहित के लिए समर्पित है और अंत्योदय के लक्ष्य को लेकर कार्य कर रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

