बिट्टन मार्केट दशहरा मैदान में निगम की बड़ी कार्रवाई, तीन ट्रक अतिक्रमण सामग्री जब्त
भोपाल, 05 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में नगर निगम द्वारा अतिक्रमण के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में शुक्रवार को अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए बड़ी संख्या में अवैध कब्जे हटाए और अतिक्रमण में उपयोग हो रही सामग्री जब्त की। विशेष अभियान के तहत बिट्टन मार्केट स्थित दशहरा मैदान क्षेत्र से करीब तीन ट्रक सामान जब्त किया गया।
नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में सीएम हेल्पलाइन, महापौर हेल्पलाइन तथा अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों के निराकरण के साथ नियमित अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया गया। निगम अमले ने जवाहर चौक, सरस्वती नगर, बिट्टन मार्केट, दशहरा मैदान, अरेरा कॉलोनी, रविंद्र भवन, पॉलीटेक्निक, पीतल मंदिर, रायसेन रोड, अयोध्या बायपास, प्रभात चौराहा, अशोका गार्डन, नूरमहल, लालघाटी, गांधी नगर, बैरागढ़ और चंचल चौराहा समेत कई क्षेत्रों में कार्रवाई की।
अभियान के दौरान सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर लगाए गए ठेले, गुमठियां, पान पार्लर, फोल्डिंग टेबल, स्टूल, कुर्सियां, सब्जी दुकानें तथा दुकानों के बाहर रखा सामान हटाया गया। इसके अलावा सर्विस रोड पर रखी टीन की चादरें और नालियों पर बने अवैध चबूतरे भी हटवाए गए।
नूरमहल क्षेत्र में नाली के ऊपर बनाए गए दो अवैध चबूतरों को तोड़ा गया। वहीं बिट्टन मार्केट दशहरा मैदान क्षेत्र से पन्नियां, कैरेट, लोहे की जालियां और ठेलों सहित विभिन्न प्रकार की अतिक्रमण सामग्री जब्त कर तीन ट्रक भरकर निगम के कब्जे में ली गई।
निगम अधिकारियों के अनुसार अन्य क्षेत्रों में की गई कार्रवाई के दौरान चार ठेले, एक फोल्डिंग टेबल, पांच लोहे की बेंच, दो बोर्ड, एक स्टूल और दो कांटे सहित अन्य सामान भी जब्त किया गया। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

