मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पद्मभूषण डॉ. शिवमंगल सिंह सुमन की जयंती पर किया नमन

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पद्मभूषण डॉ. शिवमंगल सिंह सुमन की जयंती पर किया नमन


भोपाल, 05 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हिंदी के सुप्रसिद्ध कवि, लेखक एवं शिक्षाविद्, पद्मश्री एवं पद्मभूषण से अलंकृत डॉ. शिवमंगल सिंह 'सुमन' की जयंती पर उन्हें नमन किया है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बुधवार को सोशल मीडिया एक्स के माध्यम से कहा कि हिंदी के सुप्रसिद्ध कवि, लेखक एवं शिक्षाविद्, साहित्य अकादमी पुरस्कार, पद्म श्री व पद्म भूषण से अलंकृत डॉ. शिवमंगल सिंह 'सुमन' की जयंती पर उन्हें सादर नमन करता हूँ। आपकी ओजस्वी एवं कालजयी रचनाएँ साहित्य जगत को सदैव सुवासित और प्रेरित करती रहेंगी।

उल्लेखनीय है कि डॉ. शिवमंगल सिंह 'सुमन' का जन्म 5 अगस्त 1915 को उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले के झगरपुर गांव में हुआ था, लेकिन उन्होंने अपनी कर्मभूमि मध्य प्रदेश को बनाया। वे हिंदी साहित्य के एक प्रसिद्ध और महान प्रगतिशील कवि व शिक्षाविद थे। उन्होंने अपना अधिकांश शैक्षिक और साहित्यिक जीवन ग्वालियर, इंदौर और उज्जैन में बिताया। उनको भारत सरकार द्वारा वर्ष 1974 में पद्मश्री और वर्ष 1999 में पद्मभूषण से सम्मानित किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Share this story