मंदसौरः राजेन्द्र विलास में हर्षाेल्लास से मना तीर्थंकर नेमीनाथजी का जन्मोत्सव, भव्य जुलूस निकला
मंदसौर, 17 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर में परम पूज्य जैन आचार्य राजेन्द्रसुरिश्वरजी म.सा. व आचार्य जयन्तसेनसूरेश्वरजी म.सा. के दिव्य आशीर्वाद से सोमवार को राजेन्द्र विला भवन में त्रिस्तुतिक श्रीसंघ, राजेन्द्र जैन नवयुवक परिषद, राजेन्द्र जैन महिला परिषद के द्वारा 22वें तीर्थंकर भगवान नेमीनाथजी का जन्मकल्याणक महोत्सव हर्षाेल्लास से मनाया गया।
मंदसौर में चातुर्मास हेतु विराजित प.पू. जैन संत मुनिराज प्रत्यक्षरत्नविजयजी व पवित्ररत्नविजयजी म.सा. की पावन प्रेरणा व निश्रा में महोत्सव के अंतर्गत सर्वप्रथम भगवान नेमीनाथजी के जन्मोत्सव पर चल समारोह व जैन तीर्थ गिरनारजी की भाव यात्रा संघ निकाला गया। गिरनारजी की भाव यात्रा मंं संघपति की बोली के लाभार्थी विजय नानालाल सुराणा परिवार के जमींदार कॉलोनी स्थित निवास स्थान से बैंड बाजे के साथ श्रीसंघ की उपस्थिति में जुलूस निकाला गया। इसमें भगवान नेमीनाथजी की चलित प्रतिमा को लेकर विजय सुराणा सपरिवार विराजित हुए।
सुराणा परिवार की श्राविकाओं व श्रीसंघ से जुड़े परिवारों की श्राविकाएँ 22 टोकरियों में तरह-तरह के नैवेद्य, उपहार इत्यादि लेकर चल समारोह में शामिल हुईं। मार्ग में जन्मोत्सव की प्रसन्नता में श्राविकाओं ने नृत्य भी किया।
यह चल समारोह जमींदार कॉलोनी से प्रारंभ होकर श्रीजी पार्क कॉलोनी, नरसिंहपुरा मेन रोड होते हुए राजेन्द्र विलास पहुँचा। भगवान नेमीनाथजी की चलित प्रतिमा को यहाँ गिरनारजी की प्रतिकृति में विराजित कर परमात्मा की प्रतिमा का अभिषेक किया गया। इसका धर्मलाभ बोली के द्वारा 5 भाग्यशाली परिवारों ने प्राप्त किया। इसके बाद राजेन्द्र विलास में श्रीसंघ से जुड़े परिवारों का सहधर्मी स्वामीवात्सल्य भी हुआ, जिसका धर्मलाभ मनोज कुमार हर्षकुमार बाफना परिवार ने लिया।
नपाध्यक्ष श्रीमती गुर्जर ने सहभागिता की-तीर्थंकर भगवान नेमीनाथजी के जन्मोत्सव पर निकाले गये चल समारोह में नपाध्यक्ष श्रीमती रमादेवी बंशीलाल गुर्जर की भी सहभागिता रही तथा श्री प्रत्यक्षरत्नविजयजी व श्री पवित्ररत्नविजयजी म.सा. का आशीर्वाद लिया। यहाँ उन्होंने नेमीनाथजी की प्रतिमा की गहुली भी की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया

