जनजातीय गौरव दिवस पर केंद्रीय जेल से तीन आजीवन कारावास के बंदी रिहा

WhatsApp Channel Join Now
जनजातीय गौरव दिवस पर केंद्रीय जेल से तीन आजीवन कारावास के बंदी रिहा


जबलपुर, 15 नवंबर (हि.स.)। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर मनाए गए जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर रविवार को केंद्रीय जेल जबलपुर से तीन आजीवन कारावास की सजा काट रहे बंदियों को रिहा किया गया। मध्य प्रदेश शासन एवं जेल मुख्यालय के निर्देशों के तहत पात्र बंदियों को विशेष परिहार योजना का लाभ देते हुए उनकी सजा में छूट प्रदान की गई।

रिहा किए गए तीनों बंदी जबलपुर एवं आसपास के क्षेत्रों के निवासी हैं। जेल प्रशासन के अनुसार, कारावास के दौरान तीनों बंदियों का आचरण संतोषजनक रहा। उन्होंने अनुशासन बनाए रखने के साथ अपने व्यवहार में सकारात्मक बदलाव किया। शासन की निर्धारित पात्रता और नियमों के आधार पर उन्हें समयपूर्व रिहाई का लाभ दिया गया।

रिहाई के दौरान जेल प्रशासन ने बंदियों को जेल में किए गए कार्यों के एवज में अर्जित पारिश्रमिक के चेक भी सौंपे और उनके बेहतर भविष्य की कामना की।

जेल अधिकारियों के मुताबिक, पहले विशेष अवसरों पर बंदियों की समयपूर्व रिहाई की व्यवस्था मुख्य रूप से 15 अगस्त और 26 जनवरी तक सीमित थी। शासन ने इस व्यवस्था में बदलाव करते हुए ऐसे अवसरों की संख्या बढ़ाकर साल में पांच कर दी है। इनमें भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर मनाया जाने वाला जनजातीय गौरव दिवस भी शामिल है।

केंद्रीय जेल प्रशासन के अनुसार, जेल में रहते हुए तीनों बंदियों को विभिन्न औद्योगिक एवं शैक्षणिक गतिविधियों के माध्यम से प्रशिक्षण दिया गया। जेल में सीखे गए हुनर और कौशल का इस्तेमाल कर वे अब समाज की मुख्यधारा से जुड़कर रोजगार के नए अवसर तलाश सकेंगे।

इस व्यवस्था का उद्देश्य उन बंदियों को सुधार का अवसर देना है, जिन्होंने जेल में रहते हुए अपने आचरण में बदलाव किया और निर्धारित मापदंडों के अनुरूप पात्रता हासिल की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777441 Articles

Share this story