सागर: बीना में खाद्य प्रशासन का छापा, 7 लाख से अधिक के 150 अवैध कमर्शियल गैस सिलेंडर जब्त

WhatsApp Channel Join Now
सागर: बीना में खाद्य प्रशासन का छापा, 7 लाख से अधिक के 150 अवैध कमर्शियल गैस सिलेंडर जब्त


सागर, 15 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले के बीना में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने अवैध गैस भंडारण के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। गुरुवार को सहायक आपूर्ति अधिकारी राजेश पटेल के नेतृत्व में की गई इस छापामार कार्रवाई में करीब 7 लाख 81 हजार रुपये से अधिक कीमत के 150 कमर्शियल गैस सिलेंडर जब्त किए गए हैं।

सहायक आपूर्ति अधिकारी राजेश पटेल ने बताया कि बीना में अवैध रूप से गैस सिलेंडरों के भंडारण की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने कृषि उपज मंडी बीना के समीप, साहनी पेट्रोल पंप के सामने स्थित धर्मेंद्र अग्रवाल के गोदाम/मकान पर औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान गोदाम में भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड के कमर्शियल सिलेंडरों का बड़ा स्टॉक पाया गया। मौके पर मौजूद जिम्मेदार व्यक्ति इस भंडारण से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज या अनुमति पत्र प्रस्तुत नहीं कर सके।

कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने मौके से कुल 150 कमर्शियल गैस सिलेंडर जब्त किए, जिनमें 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलेंडर, 5 किलोग्राम वाले छोटे कमर्शियल सिलेंडर शामिल हैं। विभाग द्वारा किए गए मूल्यांकन के अनुसार जब्त किए गए सिलेंडरों की कुल अनुमानित कीमत 7,81,500 रुपये (सात लाख इक्यासी हजार पांच सौ रुपये) आंकी गई है।

शुरुआती जांच में सामने आया है कि ये सिलेंडर सागर स्थित 'सर्वश्रेष्ठ गैस एजेंसी' से मेसर्स अग्रवाल ट्रेडर्स द्वारा मंगाए गए थे। प्रारंभिक पूछताछ में यह दावा किया गया कि इन सिलेंडरों को बीना रिफाइनरी क्षेत्र में वितरित किया जाना था, लेकिन नियमों को दरकिनार कर इन्हें एक अनधिकृत रिहायशी/व्यावसायिक गोदाम में अवैध रूप से सुरक्षित मानकों के बिना रखा गया था।

सहायक आपूर्ति अधिकारी राजेश पटेल ने बताया कि बिना वैध लाइसेंस अथवा अनुमति के इतनी बड़ी मात्रा में ज्वलनशील गैस सिलेंडरों का भंडारण करना गंभीर लापरवाही और कानून का उल्लंघन है। इस मामले में जिम्मेदार पक्षों के खिलाफ द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस (प्रदाय एवं वितरण विनियमन) आदेश, 2000 एवं आवश्यक वस्तु अधिनियम के सुसंगत प्रावधानों के तहत प्रकरण निर्मित किया गया है। विभाग द्वारा मामले की आगे की विस्तृत जांच जारी है और दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761662 Articles

Share this story