बीना में रेलवे भूमि से हटाए गए अवैध अतिक्रमण, कई पक्के निर्माण किए गए ध्वस्त
बीना, 10 जून (हि.स.)। रेलवे प्रशासन ने मध्य प्रदेश के बीना के शिव वार्ड क्षेत्र में रेलवे भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमणों के खिलाफ बुधवार को व्यापक कार्रवाई करते हुए कई निर्माणों को हटाया। सागर फाटक से कादंबरी वाटिका तक रेल पटरी के समीप स्थित अतिक्रमित क्षेत्र में बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया गया।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार संबंधित लोगों को पूर्व में बेदखली संबंधी नोटिस जारी किए गए थे और निर्धारित समयावधि में भूमि खाली करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद कुछ स्थानों पर नए निर्माण किए जाने की जानकारी मिलने पर कार्रवाई को अमल में लाया गया। प्रशासन ने नोटिस के बाद किए गए निर्माणों को भी हटाया।
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान रेलवे प्रशासन, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी), स्थानीय प्रशासन, तहसील कार्यालय तथा रेलवे इंजीनियरिंग शाखा के अधिकारियों की मौजूदगी में सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए। किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि रेल पटरियों के समीप किए गए अतिक्रमण रेलवे की विकास परियोजनाओं में बाधा उत्पन्न कर रहे थे तथा सुरक्षा की दृष्टि से भी संवेदनशील थे। कई बार चेतावनी और नोटिस जारी किए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के बाद रेलवे भूमि से मलबा हटाने का कार्य जारी है। साथ ही भूमि को सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक सुरक्षा उपाय भी किए जा रहे हैं। रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि रेलवे की भूमि पर किसी भी प्रकार के अवैध कब्जे को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा चिन्हित अन्य क्षेत्रों में भी आगे इसी प्रकार की कार्रवाई की जा सकती है।
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

