बीना रिफाइनरी में अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम का विरोध, युवक ने जेसीबी का लीवर हिलाया, टला बड़ा हादसा

WhatsApp Channel Join Now
बीना रिफाइनरी में अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम का विरोध, युवक ने जेसीबी का लीवर हिलाया, टला बड़ा हादसा


सागर, 30 जून (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के सागर जिले के बीना स्थित बीना रिफाइनरी के प्रतिबंधित 'नो डेवलपमेंट जोन' में मंगलवार को अवैध निर्माण हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम को भारी विरोध का सामना करना पड़ा। आगासोद क्षेत्र के ग्राम मूड़री में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान हालात इतने बिगड़ गए कि एक युवक जेसीबी के केबिन तक पहुंच गया और मशीन का लीवर हिला दिया। अचानक जेसीबी का बकेट घूमने से मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।

जानकारी के अनुसार बीना रिफाइनरी की सुरक्षा और निर्धारित मानकों के तहत घोषित नो डेवलपमेंट जोन में कुछ लोगों द्वारा आवासीय निर्माण कर लिए गए थे। इन्हीं निर्माणों को हटाने के लिए प्रशासनिक अमला भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचा था। कार्रवाई के दौरान एसडीएम रवीश श्रीवास्तव, एसडीओपी अजय सनकत सहित आगासोद, बीना और आसपास के थानों का पुलिस बल मौजूद था।

प्रशासन ने जेसीबी की मदद से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की। एक निर्माण हटाने के बाद जब टीम दूसरे मकान की ओर बढ़ी तो वहां मौजूद लोगों और संबंधित पक्ष ने विरोध शुरू कर दिया। कुछ लोग जेसीबी के सामने लेट गए और नारेबाजी करने लगे।

इसी दौरान एक युवक सुरक्षा घेरा तोड़कर जेसीबी के केबिन में पहुंच गया। आरोप है कि युवक ने मशीन का लीवर हिला दिया, जिससे चालू जेसीबी का बकेट अचानक तेजी से घूम गया। बकेट के घूमते ही मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों, अधिकारियों और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया, हालांकि किसी के इसकी चपेट में नहीं आने से बड़ा हादसा टल गया।

विरोध के दौरान एसडीओपी अजय सनकत को भी धक्का लगने की बात सामने आई। उन्होंने स्थिति संभालने का प्रयास किया। हालात बिगड़ते देख एसडीएम रवीश श्रीवास्तव खुद मौके पर पहुंचे और जेसीबी के केबिन में बैठे युवक को बाहर निकालने का प्रयास किया। बाद में पुलिस ने युवक को बाहर निकालकर हिरासत में लिया।

भारी पुलिस बल की मौजूदगी के बावजूद प्रदर्शनकारी का जेसीबी तक पहुंच जाना और मशीन से छेड़छाड़ करना प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है। लगातार विरोध और तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए प्रशासन की टीम फिलहाल बिना पूरी कार्रवाई किए वापस लौट गई। अब पुलिस और प्रशासन आगे की कार्रवाई की तैयारी में जुटा है।

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

Share this story