सागरः विधायक निर्मला सप्रे ने किया बिहरना वेयरहाउस का औचक निरीक्षण: किसानों से संवाद कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा

WhatsApp Channel Join Now
सागरः विधायक निर्मला सप्रे ने किया बिहरना वेयरहाउस का औचक निरीक्षण: किसानों से संवाद कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा


सागर, 30 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले में बीना विधायक निर्मला सप्रे ने गुरुवार को बिहरना वेयरहाउस का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उपार्जन केंद्रों पर व्यवस्थाओं को परखा और वहां मौजूद किसानों से सीधा संवाद किया। विधायक ने स्पष्ट लहजे में अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि किसानों के हितों के साथ किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान विधायक ने कंजिया, बसाहरी, इटावा और रामपुर क्षेत्रों की सोसायटियों से आए किसानों से चर्चा की। किसानों से उपज की खरीदी, तौल और केंद्रों पर मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। विधायक ने समिति के कर्मचारियों को कड़े शब्दों में हिदायत दी कि तौल के नाम पर किसानों से ₹1 की भी अतिरिक्त राशि न ली जाए। यदि ऐसी कोई शिकायत मिलती है, तो संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।भीषण गर्मी को देखते हुए वेयरहाउस परिसर में किसानों के लिए ठंडे और स्वच्छ पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

निरीक्षण के दौरान किसानों ने गेहूं और चना के बारदाने की कमी का मुद्दा उठाया। विधायक निर्मला सप्रे ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल सागर कलेक्टर से दूरभाष पर चर्चा की। विधायक की बात सुनने के बाद कलेक्टर ने आश्वासन दिया कि जल्द ही सभी सोसायटियों में पर्याप्त मात्रा में बारदाना उपलब्ध करा दिया जाएगा। विधायक ने वेयरहाउस के भंडारण कक्षों और खरीदी केंद्रों का भ्रमण किया। उन्होंने यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि खरीदी प्रक्रिया सुचारु रूप से चलती रहे और किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए लंबा इंतजार न करना पड़े। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि और संबंधित विभाग के अधिकारी भी उपस्थित रहे।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

Share this story