मप्र : रेल यात्रियों पर बड़ा असर पड़ा, 20 ट्रेनें रद्द, 17 का बदला मार्ग

WhatsApp Channel Join Now
मप्र : रेल यात्रियों पर बड़ा असर पड़ा, 20 ट्रेनें रद्द, 17 का बदला मार्ग


बीना-आगासौद तीसरी लाइन की रीमॉडलिंग से 15 अक्टूबर तक बदला रहेगा रेल यातायात

कई लंबी दूरी की ट्रेनें भोपाल-इटारसी-जबलपुर होकर चलेंगी

भोपाल, 08 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रेल यात्रियों के लिए अगले एक सप्ताह बेहद महत्वपूर्ण है। बीना-आगासौद के बीच तीसरी रेल लाइन के निर्माण से जुड़े रीमॉडलिंग कार्य के कारण 15 अक्टूबर तक रेल यातायात व्यापक रूप से प्रभावित रहेगा। इस दौरान 20 ट्रेनें निरस्त रहेंगी, जबकि 17 ट्रेनों का मार्ग बदला गया है। कई महत्वपूर्ण लंबी दूरी की रेलगाड़ियां अपने निर्धारित मार्ग के बजाय भोपाल, इटारसी, जबलपुर, कटनी और अन्य वैकल्पिक मार्गों से संचालित होंगी।

इस संबंध रेलवे की ओर से दी गई जानकारी में बताया गया कि बीना-आगासौद रेलखंड पर तीसरी लाइन का काम रेल अधोसंरचना विस्तार की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। रीमॉडलिंग कार्य के दौरान रेल परिचालन को सुरक्षित रखने के लिए रेलवे ने कई ट्रेनों के मार्ग में अस्थायी बदलाव किया है। इसका सीधा असर भोपाल, इंदौर, जबलपुर, रीवा, कटनी, कोटा, राजस्थान और उत्तर भारत की ओर जाने वाले यात्रियों पर पड़ेगा।

सबसे महत्वपूर्ण बदलावों में रीवा-डॉ. अंबेडकर नगर और डॉ. अंबेडकर नगर-रीवा त्रि-साप्ताहिक एक्सप्रेस शामिल हैं। गाड़ी संख्या 11703 8, 11 और 13 अक्टूबर को रीवा से निर्धारित मार्ग के स्थान पर बीना मालखेड़ी जंक्शन-महादेवखेड़ी जंक्शन-गुना-रूठियाई-मक्सी होकर डॉ. अंबेडकर नगर जाएगी। इसी तरह गाड़ी संख्या 11704 9, 12 और 14 अक्टूबर को डॉ. अंबेडकर नगर से मक्सी-रूठियाई-गुना-महादेवखेड़ी-बीना मालखेड़ी होकर रीवा पहुंचेगी।

भोपाल होकर चलेंगी कई महत्वपूर्ण ट्रेनें

रेल मार्ग परिवर्तन का बड़ा असर उन ट्रेनों पर भी है, जो मध्य प्रदेश के प्रमुख शहरों को उत्तर, पूर्व और पश्चिम भारत से जोड़ती हैं। वेरावल-जबलपुर द्वि-साप्ताहिक एक्सप्रेस 10 और 12 अक्टूबर को भोपाल-इटारसी होकर चलेगी, जबकि जबलपुर-वेरावल एक्सप्रेस 9 और 12 अक्टूबर को इटारसी-भोपाल होकर संचालित होगी।

रीवांचल एक्सप्रेस भी प्रभावित है। गाड़ी संख्या 12185 रीवा-रानी कमलापति 8 और 14 अक्टूबर को कटनी-जबलपुर-इटारसी होकर रानी कमलापति पहुंचेगी। वापसी की गाड़ी संख्या 12186 भी 8 और 14 अक्टूबर को इटारसी-जबलपुर-कटनी होकर रीवा जाएगी। इसी तरह हावड़ा-भोपाल साप्ताहिक एक्सप्रेस 12 अक्टूबर को न्यू कटनी-कटनी साउथ-जबलपुर-इटारसी होकर भोपाल पहुंचेगी। भोपाल-हावड़ा एक्सप्रेस 14 अक्टूबर को इटारसी-जबलपुर-कटनी साउथ-न्यू कटनी होकर चलेगी।

भोपाल-धनबाद और भोपाल-चोपन ट्रेनें भी प्रभावित

गाड़ी संख्या 11631 भोपाल-धनबाद त्रि-साप्ताहिक एक्सप्रेस 9, 12 और 15 अक्टूबर को इटारसी-जबलपुर-कटनी साउथ-न्यू कटनी होकर संचालित होगी। वहीं गाड़ी संख्या 11632 धनबाद-भोपाल भी इन्हीं तिथियों में न्यू कटनी-कटनी साउथ-जबलपुर-इटारसी होकर भोपाल पहुंचेगी। भोपाल-चोपन साप्ताहिक एक्सप्रेस 11 अक्टूबर को इटारसी-जबलपुर-कटनी साउथ-न्यू कटनी होकर चलेगी। वापसी में चोपन-भोपाल एक्सप्रेस 12 अक्टूबर को न्यू कटनी-कटनी साउथ-जबलपुर-इटारसी होकर भोपाल पहुंचेगी।

भोपाल-सिंगरौली त्रि-साप्ताहिक एक्सप्रेस भी प्रभावित रहेगी। गाड़ी संख्या 22165 10, 13 और 14 अक्टूबर को इटारसी-जबलपुर-कटनी साउथ-न्यू कटनी होकर संचालित होगी, जबकि 22166 सिंगरौली-भोपाल 9 और 13 अक्टूबर को न्यू कटनी-कटनी साउथ-जबलपुर-इटारसी होकर भोपाल पहुंचेगी।

भोपाल-जोधपुर एक्सप्रेस का भी बदला मार्ग

राजस्थान की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए भी रेलवे ने बड़ा बदलाव किया है। गाड़ी संख्या 14814 भोपाल-जोधपुर प्रतिदिन एक्सप्रेस 15 अक्टूबर तक निर्धारित मार्ग के स्थान पर भोपाल-संत हिरदाराम नगर-मक्सी-रूठियाई-कोटा होकर संचालित होगी। आगामी अवधि में यह परिवर्तन 15 अक्टूबर तक प्रभावी रहेगा। वापसी में गाड़ी संख्या 14813 जोधपुर-भोपाल एक्सप्रेस 1 से 14 अक्टूबर तक कोटा-रूठियाई-मक्सी-संत हिरदाराम नगर-भोपाल होकर चलेगी। आगामी अवधि में यह बदलाव 14 अक्टूबर तक प्रभावी रहेगा। वहीं, जबलपुर-हजरत निजामुद्दीन गोंडवाना एक्सप्रेस भी प्रभावित होगी। गाड़ी संख्या 22181 8 अक्टूबर को कटनी-ओहन-वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी होकर हजरत निजामुद्दीन पहुंचेगी।

उल्लेखनीय है कि तीसरी लाइन का काम पूरा होने के बाद बीना-आगासौद रेलखंड की क्षमता बढ़ेगी और भविष्य में ट्रेनों के संचालन को अधिक सुचारु बनाने में मदद मिलेगी। फिलहाल निर्माण कार्य का असर यात्रियों की यात्रा पर पड़ रहा है। 15 अक्टूबर तक रेल यात्रियों को बदले हुए परिचालन कार्यक्रम के अनुसार ही अपनी यात्रा की योजना बनानी होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. मयंक चतुर्वेदी

Share this story