धारः विश्व धरोहर सप्ताह के तहत इंदौर से बाइकर्स पहुंचे मांडू, ऐतिहासिक स्मारकों का किया भ्रमण
धार, 22 नवंबर (हि.स.)। विश्व धरोहर सप्ताह के तहत रविवार को मध्य प्रदेश पर्यटन विभाग के आयोजन 'सफरनामा-हिंदुस्तान का दिल देखो' के अंतर्गत इंदौर से बाइकर्स रैली धार जिले के मांडू पहुंची। महू राइडर्स क्लब एसोसिएशन की सहभागिता से आयोजित इस बाइकिंग गतिविधि में करीब 25 बाइकर्स शामिल हुए।
दल ने मांडू के विभिन्न ऐतिहासिक स्मारकों और स्थापत्य धरोहरों का भ्रमण कर उनके इतिहास व सांस्कृतिक महत्व को जाना। मांडू की ऐतिहासिक धरोहरें यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में अस्थायी (टेंटेटिव) सूची में शामिल हैं।
बाइकर्स दल ने सोनगढ़ किले और नीलकंठेश्वर मंदिर सहित आसपास के ऐतिहासिक स्थलों का अवलोकन किया। इसके बाद मांडू पहुंचकर तारापुर गेट, थ्री गुंबद मस्जिद, 56 महल, लोहानी गुफाएं, जहाज महल, दाई का महल, जाली महल, बाज बहादुर महल और रानी रूपमती महल सहित विभिन्न धरोहरों का भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान बाइकर्स दल मालीपुरा पहुंचा, जहां सदस्यों ने स्थानीय पारंपरिक भोजन और व्यंजनों का आनंद लिया। इससे उन्हें मांडू की ऐतिहासिक विरासत के साथ मालवा के खानपान और स्थानीय संस्कृति को करीब से जानने का अवसर मिला।
इस गतिविधि का उद्देश्य मांडू को प्रमुख विरासत एवं बाइकिंग पर्यटन स्थल के रूप में पहचान दिलाना, मध्य प्रदेश की समृद्ध ऐतिहासिक और स्थापत्य विरासत का प्रचार-प्रसार करना तथा युवाओं को इतिहास और पर्यटन से जोड़ना है। बाइकर्स के माध्यम से इंटरनेट मीडिया पर ऐतिहासिक स्थलों की जानकारी साझा कर कम चर्चित धरोहरों को भी पर्यटन मानचित्र पर लाने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही स्थानीय पर्यटन गतिविधियों और व्यवसायों को प्रोत्साहन देने तथा जिम्मेदार पर्यटन की अवधारणा को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।
मध्य प्रदेश पर्यटन विभाग की ओर से मांडू में विकसित किए गए होम स्टे का प्रचार-प्रसार भी बाइकर्स के माध्यम से किया जाएगा। इंटरनेट मीडिया पर यात्रा के अनुभव, फोटो और वीडियो साझा कर इन होम स्टे को पर्यटकों के बीच पहचान दिलाने तथा स्थानीय लोगों की पर्यटन आधारित आजीविका को बढ़ावा देने की पहल की जा रही है।
विश्व धरोहर सप्ताह के अंतर्गत जिले में ऐतिहासिक स्मारकों के प्रचार-प्रसार, संरक्षण के प्रति जागरूकता और जनभागीदारी बढ़ाने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। बाइकिंग रैली इसी पहल का हिस्सा है, जिसके माध्यम से युवाओं और पर्यटन समूहों को जिले की ऐतिहासिक विरासत से जोड़ने के साथ मांडू के पर्यटन को नई पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Gyanendra Tripathi

