राजगढ़ः हाट बाजार से पत्नी को लेने जा रहा था युवक, रास्ते में बाइक की टक्कर से मौत

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः हाट बाजार से पत्नी को लेने जा रहा था युवक, रास्ते में बाइक की टक्कर से मौत


राजगढ़,6 नवंबर (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के भोजपुर थाना क्षेत्र में ग्राम भूमरिया के समीप दो बाइकों की आमने-सामने की भिड़ंत में 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक खेत में काम करने के बाद अपनी पत्नी को लेने भूमरिया जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद दूसरी बाइक का चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया और अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार बीती रात ग्राम विनायक बेह निवासी पहलवान भील (26) खेत में काम करने के बाद बाइक से ग्राम भूमरिया जा रहा था। उसकी पत्नी मंजूबाई घरेलू सामान खरीदने के लिए भूमरिया में लगने वाले साप्ताहिक हाट बाजार गई थी। पहलवान उसे लेने के लिए घर से निकला था। इसी दौरान भूमरिया गांव के पास सामने से तेज रफ्तार में आ रही बाइक ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। भिड़ंत में पहलवान गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की जानकारी मिलने पर परिजन उसे तत्काल खिलचीपुर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद टक्कर मारने वाला बाइक चालक मौके से भाग निकला। पहलवान खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके परिवार में पत्नी के अलावा दो बेटियां और एक बेटा है। त्योहार से महज दो दिन पहले परिवार के मुखिया की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773520 Articles

Share this story