अनूपपुर: जल संकट से बेहाल बिजुरी, 7 दिन में समाधान नहीं तो सड़क पर उतरेंगे लोग

WhatsApp Channel Join Now
अनूपपुर: जल संकट से बेहाल बिजुरी, 7 दिन में समाधान नहीं तो सड़क पर उतरेंगे लोग


अनूपपुर, 20 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के कोयलांचल क्षेत्र बिजुरी में पेयजल संकट को लेकर शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बिजुरी उप क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय के सामने धरना दिया और तहसीलदार को मांग पत्र सौंपकर तत्काल समाधान की मांग की। चेतावनी देते हुए कहा कि यदि आगामी 7 दिनों के भीतर जल संकट का स्थायी समाधान नहीं किया गया, तो सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन करेंगे। जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

बिजुरी नगर में इन दिनों पेयजल संकट अब जनआक्रोश का रूप लेता जा रहा है। नगर सहित आसपास के क्षेत्रों में बीते कई दिनों से पानी की नियमित आपूर्ति पूरी तरह ठप पड़ी है, जिससे आमजन का जीवन प्रभावित हो गया है। हालात इतने विकट हो चुके हैं कि लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों से पानी लाने को मजबूर होना पड़ रहा है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि पानी जैसी मूलभूत आवश्यकता के लिए इस तरह जूझना प्रशासनिक लापरवाही का सीधा उदाहरण है। गर्मी के बढ़ते प्रकोप के बीच संकट और गहराता जा रहा है, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जनप्रतिनिधियों ने भी इस मुद्दे पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि बिजुरी एक कोयलांचल क्षेत्र है, जहां मूलभूत सुविधाओं की जिम्मेदारी कॉलरी प्रबंधन और प्रशासन दोनों की है। इसके बावजूद अब तक न तो कोई ठोस योजना सामने आई है और न ही आपूर्ति बहाल करने के प्रयास दिखाई दे रहे हैं।

आज प्रदर्शन कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष बिजुरी जय क्षणी के नेतृत्व में किया गया, जिसमें नगर में वर्तमान पेयजल समस्या और गर्मियों में होने वाली किल्लत के समाधान की मांग की गई। कॉलरी गेट के सामने हो रहे इस धरना को देखते हुए बिजुरी उप क्षेत्र के वेलफेयर ऑफिसर बालाजी मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों की समस्याओं को सुना और व्यवस्थाएं बनाने का आश्वासन दिया। इसके बाद ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बिजुरी के अध्यक्ष जय कुमार के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने तहसीलदार को मांगपत्र सौंपकर तत्काल समाधान की मांग की। जिसमेंकहा गया हैं कि यदि स्थिति में जल्द सुधार नहीं हुआ, तो यह समस्या गंभीर जनआंदोलन का रूप ले सकती है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Share this story