राजगढ़ः ब्यावरा की श्रुति ने बिना कोचिंग पहली बार में पास की नीट परीक्षा

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः ब्यावरा की श्रुति ने बिना कोचिंग पहली बार में पास की नीट परीक्षा


राजगढ़, 08 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा की बेटी श्रुति पाठक ने मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के दम पर एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है। नानाजी देशमुख वेटरिनरी साइंस विश्वविद्यालय में बुधवार को आयोजित सम्मान समारोह में श्रुति को डॉ. ए.एम. श्रीवास्तव गोल्ड मेडल से सम्मानित किया गया।

यह सम्मान बी.वी.एससी. एंड एएच (शैक्षणिक सत्र 2024-25) के प्रथम वर्ष में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने पर प्रदान किया गया। ब्यावरा निवासी एवं वरिष्ठ पत्रकार मनोज पाठक की पुत्री श्रुति ने अपनी प्रारंभिक से लेकर उच्च माध्यमिक शिक्षा ब्यावरा के निजी विद्यालयों से पूरी की। 12वीं बोर्ड परीक्षा में उन्होंने बायोलॉजी समूह से 92 प्रतिशत अंक हासिल किए। खास बात यह रही उन्होंने बिना किसी कोचिंग के पहली ही कोशिश में नीट परीक्षा उत्तीर्ण की और उनका चयन जबलपुर स्थित वेटरिनरी साइंस कॉलेज में हो गया। कॉलेज के प्रथम वर्ष में भी श्रुति ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन जारी रखा। उन्होंने 84 प्रतिशत अंक प्राप्त कर पूरे बैच में प्रथम स्थान हासिल किया। इसी उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर विश्वविद्यालय ने उन्हें प्रतिष्ठित डॉ. ए.एम. श्रीवास्तव गोल्ड मेडल एवं प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया।

श्रुति की इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे ब्यावरा और राजगढ़ जिले में खुशी का माहौल है। उनकी सफलता यह साबित करती है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए, तो बिना कोचिंग के भी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं। श्रुति अब पशु चिकित्सा के क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाएं देकर समाज के लिए प्रेरणा बनने का लक्ष्य रखती हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story