राजगढ़ः ब्यावरा की आठ बस्तियों में निकला संघ का पथ संचलन, स्वयंसेवकों ने की कदमताल

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः ब्यावरा की आठ बस्तियों में निकला संघ का पथ संचलन, स्वयंसेवकों ने की कदमताल


राजगढ़, 25 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से रविवार को ब्यावरा नगर की आठ बस्तियों में पथ संचलन निकाला गया। गणवेशधारी स्वयंसेवक अनुशासित पंक्तियों में कदम से कदम मिलाकर विभिन्न क्षेत्रों से गुजरे।

पथ संचलन से पहले आयोजित कार्यक्रमों में वक्ताओं ने संघ की विचारधारा, कार्यपद्धति और समाज परिवर्तन में नागरिकों की भूमिका पर विचार रखे। नगर की विश्वनाथ, वृंदावन, महाराणा प्रताप, बालाजी, महर्षि वाल्मीकि, सुभाष, बिहारीजी और अंजनीलाल बस्तियों में अलग-अलग पथ संचलन आयोजित किए गए। इसमें स्वयंसेवकों ने अनुशासन के साथ सहभागिता की। विभिन्न बस्तियों में आयोजित कार्यक्रमों में संघ के पदाधिकारियों ने संगठन के उद्देश्यों और सामाजिक जीवन में उसकी भूमिका पर प्रकाश डाला।

विश्वनाथ बस्ती में प्रांत सह कार्यवाह संतोष मीणा,वृंदावन बस्ती में विभाग बौद्धिक प्रमुख दीपक दुबे, महाराणा प्रताप बस्ती में जिला सह संघचालक सिद्धनाथ वर्मा, बालाजी बस्ती में जिला शारीरिक प्रमुख सज्जन सिंह तथा महर्षि वाल्मीकि बस्ती में जिला कार्यवाह अजब सिंह ने विचार रखे। इसी तरह सुभाष बस्ती में विभाग सह कार्यवाह रूपेश विश्वकर्मा, बिहारीजी बस्ती में जिला प्रचारक राकेश परमार और अंजनीलाल बस्ती में नरसिंहगढ़ के खंड कार्यवाह कमलेश तिवारी वक्ता रहे।

वक्ताओं ने सामाजिक समरसता, आपसी सहयोग और सामूहिक प्रयासों को सकारात्मक बदलाव के लिए जरूरी बताया। उन्होंने नागरिकों से अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने और सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का आह्वान किया। कार्यक्रमों के माध्यम से संगठन, अनुशासन और समाज के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766721 Articles

Share this story