राजगढ़ः प्रधानमंत्री मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन पर ब्यावरा में निकली बाइक रैली, हजारों कार्यकर्ता हुए शामिल

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः प्रधानमंत्री मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन पर ब्यावरा में निकली बाइक रैली, हजारों कार्यकर्ता हुए शामिल


राजगढ़, 07 अक्टूबर (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चल रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत बुधवार को ब्यावरा में भव्य मोटरसाइकिल यात्रा निकाली गई। राजगढ़ जिला मुख्यालय स्थित स्टेडियम में आयोजित ‘सेवा ज्योति यात्रा- विकसित भारत संकल्प सभा’ में शामिल होने के बाद प्रदेश के मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास राज्यमंत्री नारायणसिंह पंवार कार्यकर्ताओं के साथ बाइक रैली लेकर ब्यावरा पहुंचे।

राजगढ़ चैराहे से मंत्री कार्यालय तक निकली यात्रा में सैकड़ों मोटरसाइकिलों पर हजारों कार्यकर्ता शामिल हुए। यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने सेवा, समर्पण, राष्ट्र प्रथम और विकसित भारत के नारों के साथ उत्साह जताया। शहर के विभिन्न स्थानों पर नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। पूरे मार्ग में कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह नजर आया। ‘गांव से ग्लोबल तक भारत के बढ़ते सामर्थ्य की गौरवगाथा’ यात्रा के समापन पर मंत्री पंवार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष केवल लंबी राजनीतिक यात्रा नहीं, बल्कि ‘गांव से ग्लोबल’ तक भारत के बढ़ते सामर्थ्य, आत्मविश्वास और विकास की गौरवगाथा हैं। उनके दूरदर्शी नेतृत्व में देश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। युवाओं के लिए रोजगार व कौशल विकास के अवसर बढ़े हैं, नारीशक्ति को सम्मान और सशक्तिकरण मिला है तथा किसानों के लिए नई संभावनाएं खुली हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का प्रेरणादायी संबोधन सभी ने सुना है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश भी विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। डबल इंजन की सरकार सुशासन, आधुनिक अधोसंरचना और जनकल्याण के संकल्प के साथ प्रदेश को नई गति दे रही है। मंत्री ने कहा कि विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस अवसर पर मध्यप्रदेश को देश के अग्रणी राज्यों में स्थापित करने का संकल्प दोहराया गया। यात्रा में पूर्व मंत्री बद्रीलाल यादव, मंडल अध्यक्ष राजू यादव, दिनेश मीना, श्यामसिंह चैहान, जयेंद्र गुर्जर, कल्याण गुर्जर, बलवंत सिंह सहित कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story