भोपाल: युवा सदन में होली मिलन समारोह में झूमे विधायक रामेश्वर शर्मा, बड़ी संख्या में लोग हुए शामिल

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल: युवा सदन में होली मिलन समारोह में झूमे विधायक रामेश्वर शर्मा, बड़ी संख्या में लोग हुए शामिल


भोपाल, 07 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी में होली का उत्साह चरम पर है। इसी क्रम में शनिवार को विधायक रामेश्वर शर्मा ने युवा सदन कार्यालय में भव्य होली मिलन समारोह आयोजित किया गया। सुबह करीब 10 बजे शुरू हुआ यह कार्यक्रम दोपहर 2 बजे तक चला, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, समर्थक और स्थानीय नागरिक शामिल हुए।

कार्यक्रम में फूलों की होली खेली गई और भजनों की मधुर धुनों के बीच पूरा परिसर उत्सव के रंग में रंगा नजर आया। इस दौरान विधायक रामेश्वर शर्मा भी कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ भक्ति गीतों पर झूमते दिखाई दिए। उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और वातावरण उल्लास, रंगों और उत्साह से सराबोर हो गया।

युवा सदन परिसर में सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, पार्टी कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। पूरे आयोजन में पारंपरिक गीत-संगीत के साथ होली का उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि होली का पर्व समाज को आपसी भाईचारे और एकता के सूत्र में बांधने का अवसर देता है। उन्होंने कहा कि यह ऐसा त्योहार है, जब लोग आपसी भेदभाव भुलाकर मिल-जुलकर उत्सव मनाते हैं और परंपराओं को आगे बढ़ाते हैं।

उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में हिंदू नववर्ष को लेकर भी कई आयोजन प्रस्तावित हैं। इसके तहत 14 मार्च को शाम 5 बजे अटल पथ पर भगवा यात्रा निकाली जाएगी, जबकि 18 मार्च को हिंदू नववर्ष के उपलक्ष्य में अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में विधायक शर्मा ने सभी को होली और रंगपंचमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा और आपसी सद्भाव को बढ़ावा देते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story