भोपाल: मां की साड़ी से फंदा बनाकर युवक ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट में प्रेमिका से विवाद और धमकियों का जिक्र

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल: मां की साड़ी से फंदा बनाकर युवक ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट में प्रेमिका से विवाद और धमकियों का जिक्र


भोपाल, 07 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के अशोका गार्डन थाना क्षेत्र के सेठी नगर में शनिवार सुबह एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक का शव घर में सीढ़ियाें की रेलिंग पर मां की साड़ी से बने फंदे पर लटका मिला।

जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान दीपक गुर्जर (24) पुत्र मोर सिंह गुर्जर के रूप में हुई है, जो सेठी नगर गली नंबर-1 का रहने वाला था। वह फेब्रिकेशन का काम करता था। परिवार में माता-पिता के अलावा उससे बड़ी एक बहन है, जिसकी शादी हो चुकी है। परिजनों के मुताबिक सुबह युवक की मां ने सबसे पहले शव देखा। मां ने बेटे को इस हालत में देखा तो उन्होंने शोर मचाया। इसके बाद परिवार के अन्य सदस्य और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और युवक को फंदे से उतारा। पड़ोसियों से घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

पर्स में मिला सुसाइड नोट

मौके पर पुलिस को युवक की पैंट की जेब में रखे पर्स से डायरी के पन्ने पर लिखा एक सुसाइड नोट मिला है। पुलिस ने नोट को जब्त कर लिया है और उसकी हैंडराइटिंग की जांच कराई जा रही है। सुसाइड नोट में युवक ने एक युवती के साथ लंबे समय से संबंध होने का जिक्र करते हुए मानसिक तनाव की बात लिखी है। नोट में यह भी उल्लेख है कि दोनों के बीच शादी की बात चल रही थी, लेकिन हाल में युवती द्वारा शादी से इनकार किए जाने और कथित तौर पर झूठे केस में फंसाने की धमकी देने की बात लिखी गई है। पुलिस का कहना है कि सुसाइड नोट में लगाए गए आरोपों की भी जांच की जाएगी और तथ्यों की पुष्टि के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, सुसाइड नोट और परिजनों के विस्तृत बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story