भोपाल: मां की शुगर की दवा खाने के बाद युवती की तबीयत बिगड़ी, इलाज के दौरान मौत

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल: मां की शुगर की दवा खाने के बाद युवती की तबीयत बिगड़ी, इलाज के दौरान मौत


- पुलिस जांच में जुटी, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार

भोपाल, 22 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल के बैरागढ़ क्षेत्र में एक युवती की इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि पेट दर्द की शिकायत होने पर युवती ने अपनी नियमित दवा के साथ गलती से मां की शुगर की दवा भी खा ली थी, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार मृतका वंदना मीणा (28) ग्राम बेटा की निवासी थी और अपने परिवार के साथ रहती थी। वंदना को लंबे समय से ब्लड प्रेशर और पेट दर्द की समस्या थी तथा वह नियमित रूप से दवाइयां ले रही थी। परिजनों के मुताबिक रविवार देर रात वंदना को पेट दर्द की शिकायत हुई। उसने अपनी नियमित दवा ली, लेकिन इसी दौरान कथित तौर पर गलती से अपनी मां की शुगर की दवा भी खा ली। कुछ समय बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। हालत गंभीर होने पर परिजन उसे तत्काल एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे।

अस्पताल में चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया, लेकिन उसकी स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। सोमवार तड़के इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। अस्पताल प्रबंधन की सूचना पर बैरागढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए हमीदिया अस्पताल भेजा। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस के अनुसार वंदना के पिता का पूर्व में निधन हो चुका है। वह छह भाई-बहनों में शामिल थी। घटना के बाद परिवार में गहरा शोक व्याप्त है। पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर रही है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story