भोपाल: युवक ने फंदे से झूलकर दी जान, पिता की मौत के बाद से तनाव में था

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल: युवक ने फंदे से झूलकर दी जान, पिता की मौत के बाद से तनाव में था


भोपाल, 26 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के ऐशबाग थाना इलाके में एक 20 वर्षीय युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। युवक ने अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। घटना के पीछे के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, अमन कॉलोनी निवासी विपुल पांडे 12वीं तक शिक्षित था और एक निजी नौकरी करता था। रविवार सुबह उसकी मां ने उसे कमरे में फंदे से लटका देखा। घबराकर उन्होंने पड़ोसियों को बुलाया, जिसके बाद युवक को तुरंत नीचे उतारकर अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

दोपहर में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस काे घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, जिससे आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। परिजनों के अनुसार, विपुल के पिता का दो वर्ष पूर्व निधन हो गया था। इसके बाद से वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था। वह अपनी मां और बहन के साथ रहता था और परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों में भी हाथ बंटाता था। उसकी मां स्थानीय फैक्ट्री में काम करती हैं। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story