भोपाल में बुजुर्ग महिला की हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा, उधार मांगने के बहाने घर पहुंची पड़ोसन ने उतारा था मौत के घाट

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल में बुजुर्ग महिला की हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा, उधार मांगने के बहाने घर पहुंची पड़ोसन ने उतारा था मौत के घाट


भोपाल, 09 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल के शाहजहांनाबाद थाना क्षेत्र के बाजपेई नगर मल्टी में 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला कलरी देवी की हत्या के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। हत्या का आरोप मृतका की ही पड़ोस में रहने वाली 45 वर्षीय महिला पर है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला 500 रुपए उधार मांगने के बहाने बुजुर्ग के घर पहुंची थी। बाद में जेवरात के लालच में उसने उनकी हत्या कर दी और सोने-चांदी के आभूषण व नकदी लेकर फरार हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लूटा गया सामान बरामद कर लिया है।

डीसीपी आयुष गुप्ता ने साेमवार काे पत्रकार वार्ता कर मामले का खुलाया किया। उन्हाेंने बताया कि 6 नवंबर को हमीदिया अस्पताल से कलरी देवी पत्नी हरीचंद प्रजापति की मौत की सूचना मिली थी। वह बाजपेई नगर मल्टी के ए-2 ब्लॉक में रहती थीं। मर्ग जांच के दौरान मिली शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में मौत का कारण दम घुटना और श्वास नली अवरुद्ध होना सामने आया। इसके बाद पुलिस ने हत्या और लूट का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।

एसआईटी ने तकनीकी साक्ष्यों से आरोपी तक पहुंच बनाई

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त जोन-3 ने विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित की थी। टीम ने घटनास्थल के आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ की और तकनीकी साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान पास की मल्टी में रहने वाली एक महिला की भूमिका संदिग्ध मिली। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें जेवरात के लालच में वारदात को अंजाम देने की बात सामने आई।

सोने के झुमके, नाक की लौंग और पायल बरामद

गिरफ्तार महिला की पहचान रेखा उर्फ रीता उर्फ रीत (45), पत्नी स्वर्गीय सुरेश सुडरकर के रूप में हुई है। वह मूल रूप से महाराष्ट्र के भुसावल की रहने वाली है और वर्तमान में बाजपेई नगर की ए-1 मल्टी में रह रही थी। पुलिस ने उसके कब्जे से मृतका के सोने के झुमके, नाक की लौंग, चांदी की पायल और नकदी बरामद की है। इसके अलावा वारदात के समय पहने गए कपड़े, चप्पल और मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, मृतका का सोने का दांत घटनास्थल की तलाशी के दौरान ही मिल गया था, जबकि अन्य आभूषण आरोपी की निशानदेही पर बरामद किए गए।

पहले से दर्ज हैं आपराधिक प्रकरण

पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला के खिलाफ निशातपुरा थाने में नाबालिग बालिका के अपहरण और दुष्कर्म से संबंधित मामला दर्ज है। इसके अलावा शाहजहांनाबाद थाने में सार्वजनिक स्थान पर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का प्रकरण भी दर्ज है।

गिरफ्तारी पर घोषित था 10 हजार का इनाम

पुलिस के अनुसार, वारदात वाले दिन आरोपी 500 रुपए उधार मांगने के बहाने कलरी देवी के घर पहुंची थी। पैसे नहीं मिलने पर नशे की हालत में उसने बुजुर्ग महिला की हत्या कर उनके आभूषण और नकदी लूट ली। आरोपी की गिरफ्तारी पर पुलिस ने 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। फिलहाल आरोपी महिला दो दिन की पुलिस रिमांड पर है। पुलिस मामले में आगे की पूछताछ कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774590 Articles

Share this story