भोपाल: महिला कॉन्स्टेबल के पति ने पुलिस लाइन में की खुदकुशी, तीन दिन पहले पत्नी ने मारपीट की शिकायत दर्ज कराई थी

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल: महिला कॉन्स्टेबल के पति ने पुलिस लाइन में की खुदकुशी, तीन दिन पहले पत्नी ने मारपीट की शिकायत दर्ज कराई थी


भोपाल, 23 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल के नेहरू नगर पुलिस लाइन परिसर में एक महिला कान्सटेबल के पति ने आत्महत्या कर ली। बुधवार सुबह परिसर के एक पेड़ पर उसका शव फंदे पर लटका मिला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट मिला है। फिलहाल पुलिस मामला दर्ज कर आगे की पड़ताल में जुट गई है।

पुलिस के मुताबिक टीटी नगर थाने में पदस्थ महिला आरक्षक लक्ष्मी धारु नेहरू नगर पुलिस लाइन स्थित सरकारी आवास में रहती हैं। उनके पति कृष्णा धारु प्राइवेट काम करते थे। उनके पति कृष्णा धारु ने नेहरू नगर पुलिस लाइन परिसर में पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बुधवार सुबह स्थानीय लोगों ने उन्हें पेड़ पर फंदे से लटका देखा। इसके बार नेहरू नगर थाना पुलिस काे सूचना दी गई।

सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस का कहना है कि कृष्णा को शराब पीने की आदत थी। शराब पीने को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। महिला आरक्षक ने पति के खिलाफ कमला नगर थाने में तीन दिन पहले मारपीट की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया था कि पति शराब के नशे में उसके साथ मारपीट करता था। इसके बाद पुलिस मामले की जांच कर रही थी। पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट मिला है। इसमें कृष्णा ने खुद पर लगाए गए आरोपों को झूठा बताते हुए परेशान होकर आत्महत्या करने की बात लिखी है। पुलिस ने नोट को हैंडराइटिंग एक्सपर्ट के पास जांच के लिए भेजा है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि नोट उसी ने लिखा था या नहीं। बुधवार दाेपहर काे पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story