भोपाल में नापतौल विभाग को फिर बम से उड़ाने की धमकी, ई-मेल में आरडीएक्स का दावा, पुलिस ने किया सर्च ऑपरेशन

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल में नापतौल विभाग को फिर बम से उड़ाने की धमकी, ई-मेल में आरडीएक्स का दावा, पुलिस ने किया सर्च ऑपरेशन


भोपाल, 17 मार्च (हि.स.)। मध्य पदेश की राजधानी में धमकी भरे ई-मेल का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। एमपी नगर स्थित नापतौल विभाग के कार्यालय को मंगलवार काे एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली है, जिससे हड़कंप मच गया।

मंगलवार को भेजे गए एक ई-मेल में दावा किया गया कि कार्यालय परिसर में ड्रोन के जरिए चार छोटे आरडीएक्स बम लगाए गए हैं, जो दोपहर 2 बजे विस्फोट करेंगे। ई-मेल में कर्मचारियों को तत्काल बाहर निकालने की चेतावनी भी दी गई थी। सूचना मिलते ही एमपी नगर पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे कार्यालय परिसर में सघन सर्चिंग अभियान चलाया गया। एहतियात के तौर पर सभी कर्मचारियों को तुरंत बाहर निकाल लिया गया।

एमपी नगर थाना प्रभारी जय हिंद शर्मा ने बताया कि पुलिस टीम ने बारीकी से जांच की, लेकिन मौके पर कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक नहीं मिला। पुलिस के अनुसार, एक दिन पहले भी इसी तरह का धमकी भरा ई-मेल मिला था, जिसमें पुलिस की तलाशी प्रक्रिया को परखने की बात कही गई थी। इस घटना को देखते हुए मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है। फिलहाल साइबर टीम ई-मेल भेजने वाले की पहचान में जुटी है और तकनीकी जांच के जरिए आरोपी तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story