भोपाल का पानी पूरी तरह सुरक्षित, आरओ की जरूरत नहीं : महापाैर मालती राय

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल का पानी पूरी तरह सुरक्षित, आरओ की जरूरत नहीं : महापाैर मालती राय


फिल्टर प्लांट के निरीक्षण के बाद दी क्लीन चिट, लैब में टेस्ट हुआ पानी एमआईसी मेंबर ने पिया

भोपाल, 26 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल शहर में पानी की गुणवत्ता को लेकर उठ रहे सवालों के बीच मंगलवार को महापौर मालती राय ने विधानसभा के सामने स्थित नगर निगम के फिल्टर प्लांट का निरीक्षण किया। उनके साथ एमआईसी मेंबर एवं भाजपा जिलाध्यक्ष रविंद्र यती, निगम अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान बड़े तालाब से आने वाले पानी को शुद्ध करने की पूरी प्रक्रिया देखी गई।

महापौर ने प्लांट की लैब में पानी की जांच कराई और रिपोर्ट संतोषजनक मिलने के बाद कहा कि बड़े तालाब से सप्लाई होने वाला पानी पूरी तरह सुरक्षित है। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि जिन इलाकों में यह पानी पहुंच रहा है, वहां लोगों को RO लगाने की आवश्यकता नहीं है। महापौर मालती राय ने कहा कि गर्मी के मौसम में पानी की खपत बढ़ने के कारण कई क्षेत्रों से कम प्रेशर की शिकायतें मिल रही थीं। इसी के चलते निगम अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ पूरे सिस्टम का निरीक्षण किया गया। उन्होंने कहा कि “बड़े तालाब से आने वाले रॉ वाटर को वैज्ञानिक तरीके से फिल्टर कर सप्लाई किया जा रहा है। पानी की गुणवत्ता को लेकर जो शिकायतें थीं, उन्हें देखते हुए पूरा सिस्टम जांचा गया। निरीक्षण के बाद यह स्पष्ट है कि लोगों को शुद्ध पानी मिल रहा है।”

लैब में टेस्ट के बाद नेताओं ने पिया पानी

निरीक्षण के दौरान पानी का लैब टेस्ट कराया गया। टेस्ट में पानी गुणवत्ता मानकों पर खरा उतरा। इसके बाद भाजपा जिलाध्यक्ष रविंद्र यती और अधीक्षण यंत्री उदित गर्ग ने महापौर के सामने ही पानी पीकर उसकी शुद्धता पर भरोसा जताया।

चार स्रोतों से होती है भोपाल में जलापूर्ति

भोपाल शहर में पानी की सप्लाई चार प्रमुख स्रोतों से की जाती है। शहर के अधिकांश हिस्सों में कोलार डैम का पानी पहुंचता है। वहीं, कोलार रोड क्षेत्र में केरवा डैम, लालघाटी और कोहेफिजा क्षेत्रों में बड़े तालाब का पानी सप्लाई किया जाता है। इसके अलावा नर्मदा परियोजना से भी होशंगाबाद रोड और आसपास की कॉलोनियों में जलापूर्ति की जाती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story