भोपाल-विदिशा हाईवे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से जीजा-साले की मौत, परिजनों ने शव सड़क पर रखकर किया चक्काजाम

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल-विदिशा हाईवे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से जीजा-साले की मौत, परिजनों ने शव सड़क पर रखकर किया चक्काजाम


रायसेन, 19 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में भोपाल-विदिशा हाईवे पर बुधवार रात हुए सड़क हादसे में बाइक सवार जीजा-साले की मौत हो गई। सांची थाना क्षेत्र के ढकना-चपना के पास देर रात करीब 11 बजे एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान सूरज कुशवाह और उनके साले सोनू कुशवाह के रूप में हुई है। दोनों काछी कानाखेड़ा के रहने वाले थे और बाइक से भोपाल जा रहे थे।

हादसे के बाद पुलिस ने दोनों के शव सांची अस्पताल पहुंचाए। गुरुवार को घटना की जानकारी मिलने पर परिजन अस्पताल पहुंचे। इसके बाद उन्होंने शव सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया। परिजनों की मांग है कि टक्कर मारने वाले वाहन और उसके चालक की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाए। चक्काजाम की सूचना मिलने पर एसडीओपी आकांक्षा तलया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को समझाने और जाम खुलवाने का प्रयास किया।

सीसीटीवी फुटेज से वाहन की तलाश

पुलिस के मुताबिक, हादसे के बाद घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए हैं, लेकिन उनमें टक्कर मारने वाला वाहन स्पष्ट नजर नहीं आया। पुलिस आसपास के मार्गों पर लगे अन्य कैमरों के फुटेज की जांच कर रही है। साथ ही दूसरे सुरागों के आधार पर वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है। वहीं, परिजन आरोपी चालक की पहचान और गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हुए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779687 Articles

Share this story