भोपाल ट्विशा शर्मा मर्डर केस: पति समर्थ सिंह की जमानत याचिका खारिज,  10 हजार रुपये का इनाम घोषित

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल ट्विशा शर्मा मर्डर केस: पति समर्थ सिंह की जमानत याचिका खारिज,  10 हजार रुपये का इनाम घोषित


भाेपाल, 18 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में जांच अब निर्णायक मोड़ पर पहुंचती दिखाई दे रही है। ट्विशा की पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आ गई है, जिसमें मृतका के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं। जिसके बाद मामले ने गंभीर आपराधिक रूप ले लिया है। वहीं, फरार पति समर्थ सिंह की अग्रिम जमानत याचिका साेमवार काे जिला अदालत ने खारिज कर दी है और पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।

कटारा हिल्स में पूर्व महिला जज की बहू ट्विशा शर्मा की संदिग्ध आत्महत्या का मामला प्रशासनिक और कानूनी पेचों में उलझता जा रहा है। शुरुआत में संदिग्ध मौत माने जा रहे इस मामले में अब नए तथ्य सामने आए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ट्विशा के शरीर पर कई चोटों के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या और प्रताड़ना की आशंका और गहरी हो गई है। हालांकि मौत का कारण फांसी बताया गया है, लेकिन चोटों के निशान ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

परिजनों ने पहले दिन से जताई थी हत्या की आशंका

ट्विशा शर्मा के परिजनों ने शुरुआत से ही ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए थे। मृतका के पिता नवनिधि शर्मा का कहना है कि शादी के बाद से ट्विशा को दहेज और मानसिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ रहा था। परिजनों का आरोप है कि मौत से पहले ट्विशा ने अपनी मां को फोन कर प्रताड़ना की जानकारी दी थी। घटना के छह दिन बीत जाने के बाद भी मृतका के स्वजनों ने शव लेने से साफ इनकार कर दिया है, वह आरोपित सास गिरिबाला सिंह को मिली जमानत से नाराज हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद परिवार की मांग और तेज हो गई है। परिजन मामले की जांच राज्य से बाहर की एजेंसी से कराने और दिल्ली एम्स में दोबारा पोस्टमार्टम की मांग कर रहे हैं। इसी मांग को लेकर एक दिन पहले रविवार काे उन्होंने मुख्यमंत्री निवास के सामने प्रदर्शन भी किया। दूसरी ओर, एम्स प्रबंधन द्वारा शव को लंबे समय तक मर्चुरी में रखने में असमर्थता जताने के बाद, कटारा हिल्स पुलिस ने शव के अंतिम संस्कार और सुपुर्दगी के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 के तहत जिला अदालत से मार्गदर्शन मांगा है।

पति समर्थ सिंह की जमानत याचिका खारिज

मामले में बड़ा कानूनी झटका देते हुए साेमवार काे अदालत ने आरोपी पति समर्थ सिंह की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी है। कोर्ट ने मामले की गंभीरता, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के तथ्यों को देखते हुए राहत देने से इनकार कर दिया। जमानत खारिज होने के बाद पुलिस ने समर्थ सिंह की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं। वहीं अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई के दौरान समर्थ के वकील ईनोश जॉर्ज कार्लोस ने कोर्ट में जमानत की मांग करते हुए कहा कि मृतका के परिजन इस मामले को मीडिया ट्रायल का रूप दे रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि ट्विशा के परिवार को दोबारा पोस्टमार्टम कराना है तो बचाव पक्ष को इससे कोई आपत्ति नहीं है। वकील ने कहा कि परिवार चाहे दिल्ली एम्स में या विदेश में पोस्टमार्टम कराए, उन्हें मंजूर है।

डीसीपी जोन-2 विकास सहवाल ने समर्थ सिंह की गिरफ्तारी में मदद करने वाली सूचना पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। पुलिस की कई टीमें लगातार अलग-अलग संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और समर्थ सिंह की तलाश में जुटी हुई हैं। साथ ही उसके पासपोर्ट को निरस्त करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है, क्योंकि पुलिस को उसके देश छोड़कर भागने की आशंका है।

एसआईटी जांच में जुटी, सीसीटीवी और कॉल रिकॉर्ड खंगाले जा रहे

मामले की जांच के लिए गठित एसआईटी ने घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल रिकॉर्ड जब्त कर लिए हैं। एसआईटी हेड एसीपी डॉ. रजनीश कश्यप ने बताया कि समर्थ सिंह की गिरफ्तारी के लिए छह टीमें लगी हैं। अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दी गई है। पुलिस का कहना है कि समर्थ सिंह की गिरफ्तारी के बाद कई अहम पहलुओं से पर्दा उठ सकता है। वहीं, अदालत में सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष ने दावा किया कि घटना से कुछ मिनट पहले ट्विशा अपने परिजनों से बात कर रही थी और अगर वह प्रताड़ित होती तो परिवार को जरूर बताती। बचाव पक्ष ने व्हाट्सऐप चैट्स की भी जांच की मांग उठाई।

सास पर भी उठे सवाल

मामले में नया विवाद तब खड़ा हुआ जब आरोपी सास गिरिबाला सिंह की जमानत अर्जी के कुछ हिस्से सामने आए, जिनमें ट्विशा को “ड्रग एडिक्ट” बताया गया। इस दावे पर मृतका के परिजनों ने कड़ी आपत्ति जताई है।

क्या है पूरा मामला?

31 वर्षीय ट्विशा शर्मा मूल रूप से नोएडा की रहने वाली थीं। उनकी शादी दिसंबर 2025 में भोपाल के वकील समर्थ सिंह से मैट्रिमोनियल साइट के जरिए हुई थी। 12 मई 2026 की रात भोपाल स्थित ससुराल में उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। इसके बाद से यह मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story