भोपाल में झुग्गियां हटाने के विरोध में अयोध्या बायपास पर हंगामा, एक घंटे जाम से यातायात प्रभावित
भोपाल, 19 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल में अयोध्या बायपास पर झुग्गियां हटाने के विरोध में गुरुवार दोपहर केसर बस्ती के रहवासियों ने प्रदर्शन करते हुए सड़क जाम कर दी। करीब एक घंटे तक चले विरोध के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रदर्शन के दौरान लोगों ने सड़क पर पत्थर रखकर आवागमन रोक दिया। करीब एक घंटे तक सड़क पर जाम लगाया। इस बीच कुछ प्रदर्शनकारी हाथों में लाठियां लेकर सड़क से गुजरने की कोशिश कर रहे लोगों की ओर दौड़ते नजर आए, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। मौके पर मौजूद महिलाओं की भी बड़ी संख्या प्रदर्शन में शामिल रही। सूचना मिलते ही अयोध्या नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित किया।
थाना प्रभारी महेश लिल्लारे के अनुसार, बस्ती के रहवासियों को पहले ही नोटिस दिए जा चुके हैं। लोगों को समझाइश देकर हटाया गया। गोविंदपुरा एसडीएम भुवन गुप्ता ने बताया कि अयोध्या बायपास प्रोजेक्ट के चलते उक्त झुग्गियां हटाई जाना है। इसके लिए दो बार नोटिस दिए जा चुके हैं। हालांकि, आज कार्रवाई के लिए अमला नहीं गया था। न ही कोई प्रक्रिया की गई, इसके बावजूद विरोध प्रदर्शन हुआ।
सड़क चौड़ीकरण परियोजना का मामला
दरअसल नेशनल हाईवे-146 पर आशाराम तिराहा से रत्नागिरी तिराहे तक करीब 16 किलोमीटर लंबी सड़क को 10 लेन में विकसित किया जा रहा है। इस परियोजना के तहत सड़क किनारे स्थित निर्माण हटाए जा रहे हैं, जिसमें कई दुकानें, मकान, धार्मिक स्थल और सरकारी भवन बाधा बन रहे हैं। जिन्हें हटाया जा रहा है, इसमें केसर बस्ती की 90 झुग्गियां भी शामिल हैं। इसी दौरान आनंद नगर में एक फ्लाईओवर भी बनाया जाएगा। इसके लिए सड़क किनारे की 146 दुकानें हटाई जा चुकी हैं। साथ ही तीन धार्मिक स्थलों, एक वार्ड कार्यालय और एक पुलिस चौकी को शिफ्ट किया गया है। प्रभावित परिवारों का कहना है कि उन्हें न तो पर्याप्त मुआवजा मिला है और न ही पुनर्वास की स्पष्ट व्यवस्था की गई है। इसी को लेकर लोगों में नाराजगी है। उनका कहना है कि पहले वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, उसके बाद ही हटाने की कार्रवाई की जाए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

