भोपाल में निकली 32 किमी लंबी तिरंगा यात्रा, अखंड भारत, राष्ट्रभक्ति और नशामुक्ति का दिया संदेश
कोलार से संत नगर तक निकली यात्रा में मुख्यमंत्री डॉ. यादव और विधायक रामेश्वर शर्मा हुए शामिल
भोपाल, 14 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में शुक्रवार को ‘कर्मश्री’ की ओर से 32 किलोमीटर लंबी तिरंगा यात्रा निकाली गई। कोलार से संत नगर तक निकली यात्रा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और विधायक रामेश्वर शर्मा समेत बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लिए युवाओं और नागरिकों ने देशभक्ति, राष्ट्र गौरव, अखंड भारत और नशामुक्ति का संदेश दिया।
आयोजकों के मुताबिक, यात्रा में करीब एक लाख नागरिक शामिल हुए। इसके लिए करीब 50 हजार वाहनों का पंजीयन किया गया था। पूरे मार्ग पर 1100 से अधिक स्वागत मंच बनाए गए थे।
मुख्यमंत्री बाेले- भारत अब दुश्मन के घर में जाकर कार्रवाई कर सकता है
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भारत अब इतना मजबूत हो चुका है कि वह दुश्मनों से निपटने के लिए उनकी सीमा में जाकर कार्रवाई करने की क्षमता रखता है। उन्होंने कहा कि भारत ने अपनी सैन्य ताकत और सामर्थ्य का परिचय दिया है। मुख्यमंत्री ने तिरंगा यात्रा में उमड़ी भीड़ को भोपाल की देशभक्ति और राष्ट्रभावना का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति तिरंगे के साथ देश के सम्मान, स्वाभिमान और गौरव को नई ऊंचाई देने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है।
पाकिस्तान और विभाजन का भी किया जिक्र
मुख्यमंत्री डाॅ. यादव ने विभाजन के दर्द का जिक्र करते हुए पाकिस्तान पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विभाजन के समय लाखों लोगों को विस्थापन का दर्द झेलना पड़ा और करोड़ों लोगों को अपना घर-बार छोड़ना पड़ा। उन्होंने कहा कि आज परिस्थितियां बदल चुकी हैं और भारत लगातार अपनी ताकत बढ़ा रहा है।
2027 को युवा वर्ष के रूप में मनाने की तैयारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत दुनिया के सबसे युवा देशों में शामिल है और मध्यप्रदेश में भी बड़ी युवा आबादी है। सरकार युवा, महिला, किसान और गरीबों के कल्याण के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 को युवा वर्ष के रूप में मनाने की दिशा में तैयारी की जा रही है, ताकि प्रदेश के युवा अपनी क्षमता और ऊर्जा से मध्यप्रदेश को नई ऊंचाइयों तक ले जा सकें।
विधायक रामेश्वर शर्मा बोले- लाहौर और ढाका में तिरंगा फहराने का संकल्प
विधायक रामेश्वर शर्मा ने अखंड भारत का संकल्प दोहराते हुए कहा कि भारत अपने पुराने हिस्सों लाहौर, ढाका और कराची को नहीं भूला है। उन्होंने कहा, “आज नहीं तो कल का सूरज वहीं उगेगा और लाहौर-ढाका में तिरंगा फहराकर वंदे मातरम् गाएंगे।” उन्होंने युवाओं से संविधान, लोकतंत्र, राष्ट्रीय ध्वज, राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत के प्रति सजग रहने की अपील की।
युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील
रामेश्वर शर्मा ने कहा कि देश को आगे बढ़ाने के लिए युवाओं में खुदीराम बोस, अशफाक उल्ला खान, रानी लक्ष्मीबाई, मंगल पांडे और भगत सिंह जैसा जज्बा होना चाहिए। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और देश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया। यात्रा के दौरान बनाए गए सेल्फी पॉइंट पर भी ‘Gen-Z Against Addiction’ और ‘नशा मुक्त युवा’ जैसे संदेश प्रदर्शित किए गए।
कोलार से संत नगर तक तिरंगों का सैलाब
कर्मश्री की तिरंगा यात्रा कोलार सिक्स लेन स्थित मदर टेरेसा स्कूल के सामने से शुरू हुई और संत नगर के भैंसाखेड़ी मंडी तक पहुंची। करीब 32 किलोमीटर लंबे मार्ग पर जगह-जगह लोगों ने यात्रा का स्वागत किया। बड़ी संख्या में लोग तिरंगा लेकर यात्रा में शामिल हुए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

