भोपाल में थिंक गैस पाइपलाइन में लगी आग, भानपुर ब्रिज के पास मेट्रो निर्माण के दौरान लीकेज की आशंका, दमकल ने पाया काबू

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल में थिंक गैस पाइपलाइन में लगी आग, भानपुर ब्रिज के पास मेट्रो निर्माण के दौरान लीकेज की आशंका, दमकल ने पाया काबू


भोपाल, 24 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के भानपुर ब्रिज के पास शनिवार दोपहर गैस पाइपलाइन में आग लग गई। आग की लपटें करीब 10 फीट तक उठने लगीं, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आसपास बिछी टेलीकॉम केबल भी आ गईं। सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, पाइपलाइन थिंक गैस कंपनी की है।

घटना दोपहर करीब 12:30 बजे की बताई गई है। भानपुर ब्रिज के पास मेट्रो निर्माण का काम चल रहा था। इसी दौरान खुदाई के दौरान गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने और गैस लीकेज के बाद आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, घटना के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पाइपलाइन में आग लगने के बाद लपटें तेजी से ऊपर उठने लगीं। आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। आग की चपेट में आने से पास में बिछी टेलीकॉम केबल भी प्रभावित हुईं। मौके पर लोगों की भीड़ जमा होने लगी, जिसके बाद पुलिसकर्मियों ने लोगों को घटनास्थल से दूर किया।

गैस सप्लाई बंद कर बुझाई आग

सूचना मिलने पर छोला फायर स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची। फायर फाइटर पंकज यादव समेत दमकलकर्मियों ने आग बुझाने की कार्रवाई की। बताया गया कि गैस कंपनी से पाइपलाइन की सप्लाई बंद कराई गई, जिसके बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। फिलहाल पाइपलाइन में आग लगने के सटीक कारण, टेलीकॉम केबल को हुए नुकसान और किसी के घायल होने के संबंध में आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। घटना के बाद गैस पाइपलाइन के आसपास चल रहे निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765944 Articles

Share this story