भोपाल के तरावली गांव में अवैध शराब के अड्डे पर छापा, टीम को देख संचालक फरार, 12 भट्टियां नष्ट

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल के तरावली गांव में अवैध शराब के अड्डे पर छापा, टीम को देख संचालक फरार, 12 भट्टियां नष्ट


-275 लीटर कच्ची शराब और 15 हजार किलो लाहन जब्त, 2 बॉयलर व 30 से ज्यादा ड्रम भी मिले

भोपाल, 22 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल से करीब 40 किलोमीटर दूर तरावली गांव के जंगल में मंगलवार तड़के आबकारी विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध शराब बनाने के ठिकानों पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान करीब 275 लीटर हाथ भट्टी की कच्ची शराब और 15 हजार किलो लाहन बरामद किया गया। मौके से जमीन के अंदर बनाई गई 12 अवैध भट्टियां नष्ट की गईं, जबकि शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले 2 बॉयलर और 30 से अधिक खाली-भरे ड्रम जब्त किए गए।

कार्रवाई के दौरान ठिकानों पर मौजूद लोग टीम के पहुंचने की भनक लगते ही मौके से फरार हो गए। आबकारी विभाग ने जब्त सामग्री के आधार पर प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू की है।

जंगल में बनाए थे शराब बनाने के ठिकाने

जानकारी के अनुसार, तरावली गांव से दूर जंगल क्षेत्र में अलग-अलग डेरों में कच्ची शराब तैयार की जा रही थी। टीम ने खुले और खाली पड़े घरों तथा अन्य स्थानों की तलाशी ली। इस दौरान जमीन के अंदर अवैध तरीके से बनाई गई 12 भट्टियां मिलीं। टीम ने इन्हें मौके पर नष्ट किया। शराब तैयार करने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे दो बॉयलर भी जब्त किए गए। कार्रवाई करीब दो घंटे तक चली। विभाग के अनुसार, मौके से बरामद लाहन और शराब को जब्ती में लेकर नियमानुसार कार्रवाई की गई है।

52 अधिकारी-कर्मचारी और 175 जवानों की टीम

सहायक आबकारी आयुक्त वीरेंद्र सिंह धाकड़ के निर्देशन में कंट्रोलर वर्षा उइके के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। संयुक्त टीम में पुलिस और आबकारी विभाग के 52 अधिकारी तथा 175 कर्मचारी शामिल रहे। कार्रवाई में बैरसिया एसडीओपी वैशाली करहेलिया, एसडीओपी दुर्जन सिंह बरकड़े, बैरसिया थाना प्रभारी रामबाबू चौधरी, गुनगा थाना प्रभारी रिंकू जाटव, निरीक्षक नरेंद्र यादव सहित आबकारी विभाग के बैरसिया वृत्त प्रभारी सहायक जिला आबकारी अधिकारी सुरेंद्र देवांगन और उपनिरीक्षक चंदर सिंह मौजूद रहे। जिला आबकारी, राज्य स्तरीय उड़नदस्ता और संभागीय उड़नदस्ता के अधिकारी-कर्मचारी भी कार्रवाई में शामिल रहे।

बैरसिया रोड पर पन्नियों में बिकने का दावा

स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के अनुसार बैरसिया रोड स्थित लक्ष्मणपुरा गांव के आसपास अवैध शराब की बिक्री की शिकायतें सामने आती रही हैं। बताया जाता है कि तरावली और आसपास के क्षेत्रों में तैयार होने वाली शराब यहां सड़क किनारे छोटे पाउच या पन्नियों में 10 से 20 रुपए में बेची जाती है। आबकारी विभाग की ओर से पहले भी कार्रवाई किए जाने की बात सामने आई है, लेकिन स्थानीय लोगों के अनुसार कुछ समय बाद फिर से बिक्री शुरू हो जाती है। ताजा कार्रवाई के बाद विभाग के सामने अब अवैध शराब बनाने और बेचने वाले ठिकानों पर लगातार निगरानी बनाए रखने की चुनौती भी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story