भोपाल में आवारा कुत्तों को लेकर फूटा रहवासियों का गुस्सा, करोंद की मैपल ट्री सोसायटी में देर रात प्रदर्शन
भोपाल, 06 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल में जेल रोड करोंद स्थित मैपल ट्री सोसायटी में गुरुवार देर रात आवारा कुत्तों की समस्या को लेकर रहवासियों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में लोग सोसायटी गेट पर एकत्र हो गए और नगर निगम तथा डॉग लवर्स के खिलाफ प्रदर्शन किया। स्थिति को देखते हुए पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाइश देकर शांत कराया।
प्रदर्शन गुरुवार रात करीब 11 बजे के बाद शुरू हुआ और देर रात तक चलता रहा। रहवासियों का कहना है कि सोसायटी में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है। आसपास के इलाकों से भी बड़ी संख्या में कुत्ते यहां आ गए हैं, जिससे काटने की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। हाल ही में कुछ बुजुर्गों और बच्चों को भी कुत्तों ने काट लिया, जिससे कॉलोनी में डर का माहौल है।
रहवासियों के मुताबिक उन्होंने कई बार नगर निगम में शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि शिकायत करने पर कुछ डॉग लवर्स उनके खिलाफ थाने में झूठी शिकायतें दर्ज करा रहे हैं। गुस्साए लोगों ने सोसायटी के गेट पर बैठकर नारेबाजी की और प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया। उनका कहना है कि कई महीनों से कॉलोनी के लोग इस समस्या से परेशान हैं। आवारा कुत्ते राह चलते लोगों पर हमला कर रहे हैं, जिससे सबसे ज्यादा बुजुर्ग और बच्चे भयभीत हैं।
रहवासियों का यह भी आरोप है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद प्रशासन और नगर निगम डॉग लवर्स के दबाव के कारण कार्रवाई नहीं कर रहे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों से चर्चा की और समस्या के समाधान के लिए 5 दिन का समय मांगा है। रहवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि तय समय में आवारा कुत्तों की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे सड़क जाम कर उग्र आंदोलन करेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

