भोपाल में सपा कार्यकर्ताओं पर वाटर कैनन का इस्तेमाल, सीएम हाउस और केंद्रीय मंत्री के आवास का घेराव करने निकले थे

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल में सपा कार्यकर्ताओं पर वाटर कैनन का इस्तेमाल, सीएम हाउस और केंद्रीय मंत्री के आवास का घेराव करने निकले थे


भोपाल, 18 नवंबर (हि.स.)। किसानों की समस्याओं और आम जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर बुधवार को भोपाल में समाजवादी पार्टी (सपा) ने प्रदर्शन किया। ‘समाजवादी किसान पीडीए पंचायत’ के बैनर तले जुटे कार्यकर्ता मुख्यमंत्री निवास और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के आवास का घेराव करने निकले थे। पुलिस ने लिंक रोड पर प्रकाश तरण पुष्कर के सामने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोक दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तनाव की स्थिति बन गई। पुलिस ने भीड़ को हटाने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया।

पानी की तेज बौछार से कई प्रदर्शनकारी सड़क पर गिर पड़े। इस दौरान एक कार्यकर्ता के सिर में चोट आई, जबकि दो कार्यकर्ता बेहोश होकर गिर गए। पिछड़ा वर्ग के प्रदेश उपाध्यक्ष शिवराज यादव समेत सात कार्यकर्ताओं के घायल होने की जानकारी सामने आई है। घायलों को जेपी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज किया गया। सपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मनोज यादव ने पुलिस पर नुकीले हथियारों से हमला करने का आरोप लगाया है।

500 ट्रैक्टर लाने का दावा, आसपास के जिलों से पहुंचे किसान

समाजवादी पार्टी ने प्रदर्शन को ‘समाजवादी किसान पीडीए पंचायत’ नाम दिया था। इसमें शामिल होने के लिए आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में किसान ट्रैक्टर और कारों से भोपाल पहुंचे। पार्टी ने प्रदर्शन में करीब 500 ट्रैक्टर शामिल होने का दावा किया है। प्रदर्शनकारी तुलसी नगर स्थित सपा के प्रदेश कार्यालय पर एकत्रित हुए। यहां से रैली के रूप में मुख्यमंत्री निवास और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के आवास का घेराव करने के लिए रवाना हुए। हालांकि, पुलिस ने प्रकाश तरण पुष्कर के सामने बैरिकेडिंग कर उनका रास्ता रोक दिया। बैरिकेडिंग के पास कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच बहस और तनाव की स्थिति बनी। इसके बाद पुलिस ने वाटर कैनन चलाकर प्रदर्शनकारियों को पीछे हटाया।

प्रदेश अध्यक्ष बोले- शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं पर किया हमला

सपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मनोज यादव ने आरोप लगाया कि पुलिस ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे किसानों और पार्टी कार्यकर्ताओं पर नुकीले हथियारों से हमला किया। वाटर कैनन के इस्तेमाल के दौरान भी कई कार्यकर्ता घायल हुए। उन्होंने बताया कि करीब एक दर्जन कार्यकर्ताओं का जेपी अस्पताल में इलाज चल रहा है। घायलों में पिछड़ा वर्ग के प्रदेश उपाध्यक्ष शिवराज यादव भी शामिल हैं।

खाद, फसल के उचित दाम और रोजगार को लेकर सरकार पर निशाना

प्रदर्शन के दौरान सपा नेताओं ने किसानों की समस्याओं, खाद की उपलब्धता, फसलों के उचित दाम, बेरोजगारी और महंगाई के मुद्दे उठाए। प्रदेश अध्यक्ष मनोज यादव ने कहा कि सरकार किसानों और आम जनता से किए गए वादे पूरे करने में नाकाम रही है। किसान खाद और अपनी उपज के उचित दाम के लिए परेशान हैं, वहीं युवा रोजगार की तलाश में भटक रहे हैं। आम जनता महंगाई से जूझ रही है। प्रदर्शन में सपा के राष्ट्रीय सचिव शिव सिंह पटेल, सूफियान कुरैशी सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779456 Articles

Share this story