भोपाल स्लॉटर हाउस मामला आस्था से खिलवाड़, भ्रष्टाचार पर सरकार दे जवाब: अमित शर्मा

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल स्लॉटर हाउस मामला आस्था से खिलवाड़, भ्रष्टाचार पर सरकार दे जवाब: अमित शर्मा


भोपाल, 29 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव अमित शर्मा ने बुधवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयाेजित पत्रकार वार्ता में भोपाल के स्लॉटर हाउस मामले को लेकर गंभीर आरोप लगाए है। उन्होंने कहा कि यह मामला केवल प्रशासनिक लापरवाही का नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की धार्मिक आस्था, सनातन परंपराओं और शासन-प्रशासन की जवाबदेही से जुड़ा हुआ है।

उन्होंने बताया कि जहांगीराबाद स्थित मॉडर्न स्लॉटर हाउस को लेकर पिछले कई महीनों से लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं। इस मामले में असलम चमड़ा और उसके ड्राइवर की गिरफ्तारी हुई, लेकिन बाद में उन्हें जमानत मिल गई। उन्होंने सवाल उठाया कि इतना बड़ा अवैध कारोबार क्या केवल एक व्यक्ति के भरोसे संचालित हो सकता है?

अमित शर्मा ने आरोप लगाया कि भोपाल की महापौर और एमआईसी सदस्यों ने पहले मामले की जानकारी से इनकार किया, जबकि दस्तावेज कुछ और ही कहानी बताते हैं। उन्होंने दावा किया कि 24 अक्टूबर 2025 को हुई एमआईसी बैठक में प्रस्ताव क्रमांक 6 के तहत स्लॉटर हाउस के कार्य को पूरा करने के लिए केवल 6 माह का समय विस्तार प्रस्तावित था। लेकिन बाद में इसी प्रक्रिया में बदलाव करते हुए बिना पेनल्टी के समय बढ़ाया गया और संचालन-संधारण का अनुबंध सीधे 20 वर्षों के लिए दे दिया गया। इसे उन्होंने गंभीर अनियमितता और सत्ता के दुरुपयोग का उदाहरण बताया।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित पक्ष पर लगाई गई करोड़ों रुपये की पेनल्टी को पहले लगाया गया और फिर मिलीभगत से माफ कर दिया गया। अमित शर्मा ने कहा कि जिन जनप्रतिनिधियों ने जानकारी न होने की बात कही, उनके हस्ताक्षर दस्तावेजों में मौजूद हैं। इनमें महापौर मालती राय सहित कई एमआईसी सदस्य शामिल हैं। इससे स्पष्ट है कि जनता को गुमराह किया गया।

उन्होंने राज्य सरकार द्वारा गठित एसआईटी पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जांच केवल औपचारिकता बनकर रह गई है और मूल दस्तावेजों को नजरअंदाज किया गया। उन्होंने पूछा कि यदि सरकार गौ संरक्षण और धार्मिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध है, तो इस मामले पर सत्ता पक्ष के बड़े नेता मौन क्यों हैं? उन्होंने मुख्यमंत्री मोहन यादव से मांग की कि पूरे मामले की उच्चस्तरीय न्यायिक जांच कराई जाए, दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो और सच्चाई जनता के सामने लाई जाए। कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि वह इस मुद्दे को लगातार उठाएगी और धार्मिक भावनाओं तथा भ्रष्टाचार से जुड़े हर पहलू को उजागर करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story