भोपाल में गाैवंश का कटा सिर मिलने से हड़कंप, निशातपुरा में विहिप-बजरंग दल का चौकी घेराव, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल में गाैवंश का कटा सिर मिलने से हड़कंप, निशातपुरा में विहिप-बजरंग दल का चौकी घेराव, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग


भोपाल, 24 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल के निशातपुरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को गाय का कटाहुआ सिर मिलने से क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई।

भोपाल मेमोरियल हॉस्पिटल के पास 80 फीट रोड स्थित एक चिकन दुकान के समीप मिले अवशेषों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। घटना के बाद विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल के कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में वहां पहुंचे और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर मंडी करोंद चौकी का घेराव कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन करीब दो घंटे तक चला।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ गौवंश से संबंधित प्रासंगिक कानूनी प्रावधानों के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सूचना मिलते ही निशातपुरा थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मवेशी के अवशेष अपने कब्जे में लिए और उन्हें परीक्षण के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि अवशेष वहां कौन छोड़कर गया। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है।

एक सप्ताह में दूसरा मामला होने का दावा

हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों ने दावा किया कि निशातपुरा क्षेत्र में एक सप्ताह के भीतर गौवंश से जुड़ा यह दूसरा मामला है। उन्होंने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि ऐसी घटनाओं पर प्रभावी रोक नहीं लगी तो वे आंदोलन तेज करेंगे।

उल्लेखनीय है कि 17 जुलाई को इसी थाना क्षेत्र में डेयरी की आड़ में कथित गौवंश वध और गौमांस तस्करी का मामला सामने आया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए संदिग्ध मांस जब्त किया था और अगले दिन मुख्य आरोपी सहित कई लोगों को गिरफ्तार किया था। इसके बाद प्रशासन ने संबंधित परिसर पर अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई भी की थी। पुलिस का कहना है कि वर्तमान मामले में भी सभी साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है और दोषियों की पहचान होने पर उनके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story