भोपाल के वीआईपी रोड पर रेलिंग तोड़कर पेड़ से टकराई स्कूल बस, 3 बच्चे और 3 टीचर घायल

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल के वीआईपी रोड पर रेलिंग तोड़कर पेड़ से टकराई स्कूल बस, 3 बच्चे और 3 टीचर घायल


भोपाल, 28 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल के वीआईपी रोड स्थित कोहेफिजा सर्किल पर शनिवार दोपहर लिटिल एंजिल्स स्कूल की बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। मोड़ पर बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी रेलिंग तोड़ते हुए पेड़ से जा टकराई। हादसे में बस में सवार तीन बच्चे और तीन शिक्षिकाएं घायल हो गईं। सभी को तत्काल हमीदिया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार कराया गया। हादसे के बाद बस चालक और परिचालक मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।

जानकारी के मुताबिक, हादसा दोपहर करीब 2:50 बजे हुआ। स्कूल बस में करीब दो दर्जन बच्चे और स्कूल स्टाफ सवार थे। बस कोहेफिजा सर्किल से गुजरते हुए मोड़ ले रही थी, तभी चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया। बस सड़क किनारे लगी रेलिंग तोड़ते हुए आगे बढ़ी और पेड़ से टकराकर रुक गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने बस में फंसे बच्चों और शिक्षिकाओं को बाहर निकालने में मदद की। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। घायलों को एंबुलेंस की मदद से हमीदिया अस्पताल भेजा गया।

कोहेफिजा थाना प्रभारी लोकेंद्र सिंह ठाकुर ने छह लोगों के घायल होने की पुष्टि की है। उनके मुताबिक, घायलों में तीन बच्चे और तीन शिक्षिकाएं शामिल हैं। किसी को गंभीर चोट आने की जानकारी नहीं है। सभी को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

हादसे के बाद चालक और परिचालक गायब

पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना के बाद बस चालक और परिचालक मौके पर नहीं मिले। दोनों की तलाश की जा रही है। हादसे के बाद सामने आए एक वीडियो में एक व्यक्ति झाड़ियों में घायल अवस्था में दिखाई दे रहा है। दावा किया जा रहा है कि वह बस चालक है, हालांकि पुलिस ने अभी उसकी पहचान और बस चलाने की पुष्टि नहीं की है।

सीसीटीवी और प्रत्यक्षदर्शियों से जुटाई जा रही जानकारी

पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। बस की गति, मोड़ पर चालक का नियंत्रण और अन्य परिस्थितियों की भी जांच की जा रही है। चालक के नशे में होने को लेकर भी कुछ दावे सामने आए हैं, लेकिन पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। जांच और मेडिकल परीक्षण के बाद ही इन आरोपों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784740 Articles

Share this story