भोपाल में रॉयल एनफील्ड की बाइक रैली ने दिया सड़क सुरक्षा का संदेश, पुलिस कमिश्नर ने दिखाई हरी झंडी

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल में रॉयल एनफील्ड की बाइक रैली ने दिया सड़क सुरक्षा का संदेश, पुलिस कमिश्नर ने दिखाई हरी झंडी


भोपाल, 05 जुलाई (हि.स.)। सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से रविवार को राजधानी भोपाल में रॉयल एनफील्ड की ओर से भव्य बाइक रैली का आयोजन किया गया। देश के विभिन्न राज्यों से आए करीब 100 बाइकर्स ने इस रैली में हिस्सा लेकर सुरक्षित ड्राइविंग और जिम्मेदार यातायात व्यवहार का संदेश दिया।

भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने अपने कार्यालय से रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली निर्धारित मार्ग से होते हुए आईएसबीटी पहुंची। पूरे रास्ते बाइकर्स ने अनुशासित ढंग से हेलमेट पहनकर और ट्रैफिक नियमों का पालन करते हुए लोगों को सुरक्षित वाहन चलाने के लिए प्रेरित किया। आयोजन में विभिन्न राज्यों से आए रॉयल एनफील्ड राइडर्स और बाइकिंग समुदाय के सदस्यों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य राइडिंग कम्युनिटी के बीच आपसी सहयोग को बढ़ावा देने के साथ-साथ सुरक्षित मोटरसाइक्लिंग और सड़क सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता फैलाना था।

'हेलमेट पहनें, नियमों का पालन करें'

रैली में शामिल पुणे से आए राइडर एरॉन डिक्रूज ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने अपील की कि सभी वाहन चालक हमेशा हेलमेट पहनें, ट्रैफिक नियमों का पालन करें और सड़क पर जिम्मेदारी से वाहन चलाएं। भोपाल के राइडर सैफ खान ने बताया कि उनका राइडर्स ग्रुप पिछले कई वर्षों से सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाता आ रहा है। उन्होंने बताया कि उनके समूह से 200 से अधिक राइडर्स जुड़े हैं और सभी का एक ही उद्देश्य है 'सेफ राइड, सेफ लाइफ' का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना।

रैली के दौरान बाइकर्स ने यह संदेश भी दिया कि सड़क पर सुरक्षा केवल नियमों का पालन करने से ही सुनिश्चित की जा सकती है। जिम्मेदार ड्राइविंग, हेलमेट का नियमित उपयोग और यातायात नियमों के प्रति अनुशासन ही सड़क दुर्घटनाओं को कम करने का सबसे प्रभावी उपाय है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story