भोपाल: आरजीपीवी में पानी-बिजली संकट पर छात्रों का हंगामा, मुख्य गेट जाम कर किया प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल: आरजीपीवी में पानी-बिजली संकट पर छात्रों का हंगामा, मुख्य गेट जाम कर किया प्रदर्शन


भोपाल, 27 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के एयरपोर्ट रोड स्थित राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (आरजीपीवी) में पानी और बिजली की समस्या को लेकर छात्रों का गुस्सा बुधवार को फूट पड़ा। चंद्रशेखर हॉस्टल के छात्रों ने विश्वविद्यालय के मुख्य गेट पर प्रदर्शन करते हुए जमकर नारेबाजी की और गेट जाम कर दिया।

जानकारी के अनुसार, शाम करीब 4 बजे बड़ी संख्या में छात्र मुख्य गेट पर जमा हो गए और धरने पर बैठ गए। छात्रों का कहना है कि वे विश्वविद्यालय प्रबंधन से चर्चा कर रहे हैं, लेकिन अब उन्हें केवल स्थायी समाधान चाहिए, अस्थायी व्यवस्था नहीं। प्रदर्शन के चलते विश्वविद्यालय परिसर में वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। कई बसें और अन्य वाहन मुख्य गेट के बाहर ही फंसे रहे और अंदर प्रवेश नहीं कर सके।

“पीने का पानी तक नहीं, कई छात्र नहा नहीं पाए”

छात्रों का आरोप है कि भीषण गर्मी के बावजूद हॉस्टल में पीने के पानी तक की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। कई छात्र पिछले दो-तीन दिनों से नहा भी नहीं पाए हैं। इसके साथ ही लगातार बिजली कटौती की समस्या ने हालात और खराब कर दिए हैं। छात्र आर्यमन देशमुख ने बताया कि परीक्षा के दौरान भी पानी और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। कई बार शिकायत और विरोध के बावजूद विश्वविद्यालय प्रशासन ने कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला। नाराज छात्रों ने चेतावनी दी है कि जब तक पानी और बिजली की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जाता, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा। छात्रों का कहना है कि वे कई दिनों से प्रशासन को समस्या से अवगत करा रहे हैं, लेकिन केवल आश्वासन ही मिल रहे हैं।

गर्ल्स हॉस्टल में भी हालात खराब

छात्रों ने दावा किया कि समस्या केवल चंद्रशेखर हॉस्टल तक सीमित नहीं है, बल्कि बाल्की गर्ल्स हॉस्टल में भी पानी और बिजली की गंभीर दिक्कत बनी हुई है। छात्राओं ने पहले भी विरोध दर्ज कराया था, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story