भोपाल में रंगपंचमी का उल्लास, 2 किमी लंबे चल समारोह में बरसा रंग-गुलाल, ढोल-ताशों और डीजे पर झूमे लोग

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल में रंगपंचमी का उल्लास, 2 किमी लंबे चल समारोह में बरसा रंग-गुलाल, ढोल-ताशों और डीजे पर झूमे लोग


भोपाल में रंगपंचमी का उल्लास, 2 किमी लंबे चल समारोह में बरसा रंग-गुलाल, ढोल-ताशों और डीजे पर झूमे लोग


भोपाल, 08 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल में रविवार सुबह रंगपंचमी का पारंपरिक चल समारोह पूरे उत्साह और उमंग के साथ निकाला गया। श्री हिंदू उत्सव समिति के तत्वावधान में सुभाष चौक, सराफा मार्केट से शुरू हुआ करीब दो किलोमीटर लंबा जुलूस रंग-गुलाल, ढोल-ताशों और डीजे की धुनों के बीच शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा। बड़ी संख्या में लोग इसमें शामिल हुए और एक-दूसरे को गुलाल लगाकर पर्व का आनंद लिया।

इंदौर की प्रसिद्ध “गेर” की तर्ज पर निकले इस चल समारोह में डुलडुल घोड़ी, ढोल-ताशे, बैंड और डीजे आकर्षण का केंद्र रहे। श्रद्धालु पिचकारी और गुलाल के साथ झूमते-नाचते हुए जुलूस के साथ आगे बढ़ते रहे। पूरे मार्ग पर रंगों की बौछार से माहौल पूरी तरह होलीमय नजर आया।

आकर्षण का केन्द्र रहीं झांकियां

चल समारोह में कई आकर्षक झांकियां भी शामिल रहीं। एक झांकी में भारतीय क्रिकेट टीम के विश्व कप जीतने की कामना को प्रतीकात्मक रूप से दर्शाया गया, जिसमें युवाओं के हाथों में ट्रॉफी दिखाई गई। इसके अलावा भगवान बालकृष्ण की पालकी भी जुलूस में शामिल रही, जहां श्रद्धालु उनके साथ होली खेलते हुए आगे बढ़े। राधा-कृष्ण की झांकी और भगवान शिव-पार्वती की ‘मसान में होली’ की थीम ने भी लोगों का ध्यान खींचा। ढोल-नगाड़ों की गूंज और रंग-गुलाल के बीच पूरा शहर उत्सव के रंग में डूबा नजर आया।

इन मार्गों से गुजरा चल समारोह

चल समारोह सुभाष चौक कोतवाली से शुरू होकर लोहा बाजार, जुमेराती गेट, जनकपुरी, पुराना पोस्ट ऑफिस, सिंधी मार्केट, भवानी चौक, सोमवारिया, लखेरापुरा, पीपल चौक, चिंतामन चौराहा, इलेक्ट्रॉनिक मार्केट, इतवारा, जैन मंदिर रोड, गणेश चौक मंगलवार, कुंदन नमकीन मार्ग, घोड़ा नक्कार, अग्रवाल पुरी भंडार और छोटे भैया चौराहा होते हुए गल्ला बाजार स्थित हनुमानगंज थाना के पास समाप्त हुआ। पूरे मार्ग में लोगों ने जगह-जगह से जुलूस का स्वागत किया और रंग-गुलाल उड़ाकर रंगपंचमी के इस उत्सव को यादगार बना दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story