भोपाल: राम मंदिर चंदा मामले में निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर महिला कांग्रेस ने किया 'सद्बुद्धि यज्ञ'

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल: राम मंदिर चंदा मामले में निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर महिला कांग्रेस ने किया 'सद्बुद्धि यज्ञ'




दिग्विजय सिंह ने उज्जैन से अयोध्या तक 1000 किमी पदयात्रा का किया ऐलान

भोपाल, 03 जुलाई (हि.स.)। राम मंदिर निर्माण के लिए जुटाए गए चंदे में कथित अनियमितताओं के आरोपों को लेकर मध्यप्रदेश महिला कांग्रेस ने शुक्रवार को राजधानी भाेपाल में प्रदेश अध्यक्ष रीना बोरासी के नेतृत्व में 'सद्बुद्धि यज्ञ', भजन-कीर्तन एवं उपवास का आयोजन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और मामले की निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग उठाई।

कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, पूर्व मंत्री पी.सी. शर्मा सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने यज्ञ कुंड में आहुति अर्पित कर भगवान श्रीराम के नाम पर जुटाए गए चंदे में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की प्रार्थना की। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा कि उन्होंने भी राम मंदिर निर्माण के लिए आर्थिक सहयोग दिया था। यदि चंदे के उपयोग में किसी प्रकार की वित्तीय अनियमितता सिद्ध होती है तो वे अपने अधिवक्ताओं के माध्यम से अयोध्या जाकर कानूनी कार्रवाई करेंगे और एफआईआर दर्ज कराने का प्रयास करेंगे।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि देशभर के करोड़ों श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम के प्रति अपनी आस्था और विश्वास के साथ योगदान दिया था। ऐसे में यदि उस धन के उपयोग को लेकर प्रश्न उठ रहे हैं तो उनकी निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की भावनाओं से जुड़े इस विषय में पूरी पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित होनी चाहिए।

प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष रीना बोरासी ने कहा कि भगवान श्रीराम करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र हैं। यदि चंदे के उपयोग में किसी प्रकार की अनियमितता हुई है तो उसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं के विश्वास से जुड़े इस विषय में जवाबदेही तय होना आवश्यक है।

कार्यक्रम के उपरांत महिला कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने संबंधित थाने पहुंचकर चंपत राय के विरुद्ध एफआईआर दर्ज किए जाने की मांग को लेकर शिकायत एवं ज्ञापन सौंपा। महिला कांग्रेस ने कहा कि जब तक पूरे मामले की निष्पक्ष जांच नहीं होती, तब तक प्रदेशभर में चरणबद्ध तरीके से विरोध कार्यक्रम जारी रहेंगे।

इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि वे 2 अक्टूबर से उज्जैन स्थित महाकाल मंदिर से अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि परिसर तक लगभग 1000 किलोमीटर की पदयात्रा करेंगे। उन्होंने कहा कि यात्रा पूरी तरह गैर-राजनीतिक होगी और इसके दौरान किसी भी प्रकार का राजनीतिक प्रचार नहीं किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि यात्रा के दौरान वे फेसबुक, एक्स (पूर्व ट्विटर) सहित किसी भी सोशल मीडिया मंच का उपयोग नहीं करेंगे।

दिग्विजय सिंह ने बताया कि उन्होंने राम मंदिर निर्माण के लिए 1.11 लाख रुपये का चंदा दिया था, जिसकी रसीद और चेक की प्रति आज भी उनके पास सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ अधिवक्ताओं से चर्चा के बाद अयोध्या में न्यायालय का दरवाजा खटखटाया जाएगा और चंदे के उपयोग का पूरा हिसाब मांगा जाएगा। यदि जांच में वित्तीय अनियमितता सिद्ध होती है तो जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की जाएगी। उन्होंने कहा कि पदयात्रा में उन सभी श्रद्धालुओं को आमंत्रित किया जाएगा जिन्होंने राम मंदिर निर्माण के लिए चंदा दिया था। किसी भी राजनीतिक दल से जुड़े ऐसे लोग, जो चंदे के उपयोग में पारदर्शिता चाहते हैं, यात्रा में शामिल हो सकते हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि धार्मिक संस्थाओं और मंदिर ट्रस्टों में आर्थिक पारदर्शिता आवश्यक है। उन्होंने राम मंदिर ट्रस्ट सहित सभी धार्मिक ट्रस्टों के चंदे का सार्वजनिक लेखा-जोखा उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही उन्होंने आरएसएस और वीएचपी से जुड़े एक ट्रस्ट द्वारा उज्जैन के महाकाल मंदिर क्षेत्र में बनाए गए गेस्ट हाउस और उसके वित्तीय पहलुओं की जांच की भी मांग की। उन्होंने कहा कि यदि न्यायालय में वित्तीय अनियमितता सिद्ध होती है तो वे अपना चंदा वापस लेकर किसी मान्यता प्राप्त धार्मिक पीठ या शंकराचार्य के न्यास को दान करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story