भोपाल: बारिश से खराब सड़कों की मरम्मत जल्द कराएं, निगम आयुक्त ने अधिकारियों को दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल: बारिश से खराब सड़कों की मरम्मत जल्द कराएं, निगम आयुक्त ने अधिकारियों को दिए निर्देश


भोपाल: बारिश से खराब सड़कों की मरम्मत जल्द कराएं, निगम आयुक्त ने अधिकारियों को दिए निर्देश


भोपाल, 28 सितंबर (हि.स.)। बारिश के दौरान शहर की सड़कों पर हुए गड्ढों और क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत अब तेज गति से कराने के निर्देश दिए गए हैं। नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन ने सोमवार को निगम मुख्यालय अटल भवन में अधिकारियों की बैठक लेकर मुख्य मार्गों सहित अन्य सड़कों के गड्ढे भरने और आवश्यकतानुसार मरम्मत कार्य शीघ्र पूरा कराने को कहा।

निगम आयुक्त ने कहा कि वर्षाकाल समाप्त होने के बाद सड़कों की मरम्मत के कार्य में तेजी लाई जाए। साथ ही मरम्मत और रेस्टोरेशन के दौरान निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को इन कार्यों की विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर आगामी शुक्रवार तक प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

बैठक में सड़कों के गड्ढे भरने, मरम्मत, विभिन्न विकास योजनाओं के तहत किए गए कार्यों के बाद रेस्टोरेशन तथा यांत्रिकी विभाग से जुड़े कार्यों की समीक्षा की गई। निगम आयुक्त ने सीमेंट कांक्रीट से बनी मुख्य सड़कों की मरम्मत के साथ 9 मीटर और 7.5 मीटर से अधिक चौड़ाई वाली सड़कों की मरम्मत के लिए भी विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने को कहा।

रेस्टोरेशन कार्य की गुणवत्ता पर नजरनिगम आयुक्त ने जलप्रदाय और सीवेज संबंधी कार्यों के बाद सड़कों पर किए गए रेस्टोरेशन कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने अमृत योजना के तहत किए गए कार्यों के बाद रेस्टोरेशन कार्यों का निरीक्षण यांत्रिकी विभाग के इंजीनियरों से कराने के निर्देश दिए। साथ ही प्रस्तावित रेस्टोरेशन कार्यों की भी जानकारी प्राप्त की।

उन्होंने कहा कि सीवेज और पेयजल पाइप लाइन बिछाने के बाद सड़कों का रेस्टोरेशन निर्धारित मानकों के अनुसार कराया जाए। सीवेज लाइनों के मेनहोल को आवश्यकता के अनुसार शिफ्ट करने के निर्देश भी दिए गए। अमृत योजना के तहत प्रस्तावित कार्यों को जल्द शुरू करने के साथ कार्यस्थलों पर नागरिकों की आवाजाही सुगम बनाए रखने के लिए गड्ढों को अस्थायी रूप से भरकर समतलीकरण कराने को कहा गया। निगम आयुक्त ने सड़कों की मरम्मत, रेस्टोरेशन और अन्य संबंधित कार्यों की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से भी नागरिकों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

पुराने भवनों के रेनोवेशन के निर्देशबैठक में निगम स्वामित्व वाले पुराने भवनों की स्थिति की भी समीक्षा की गई। निगम आयुक्त ने ऐसे भवनों का रेनोवेशन और आवश्यक मरम्मत कराकर उन्हें बेहतर स्वरूप देने के निर्देश अधिकारियों को दिए। आगामी ग्लोबल इन्वेस्टर समिट के मद्देनजर शहर की सड़कों, पार्कों और अन्य स्थानों के व्यवस्थीकरण एवं सौंदर्यीकरण के लिए संभावित कार्यों की कार्ययोजना तैयार करने को भी कहा गया। इसके लिए अनुमानित व्यय के प्राक्कलन सहित विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर शुक्रवार तक प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में अपर आयुक्त अंजू अरुण कुमार, अक्षय कुमार तेम्रवाल, तन्मय वशिष्ठ शर्मा, वरुण अवस्थी, अमन मिश्रा, अभिषेक सिंह, वरुण बडेरिया, उपायुक्त भुवन गुप्ता, मुख्य अभियंता संतोष गुप्ता, अधीक्षण यंत्री उदित गर्ग और आर.आर. जरोलिया सहित निगम के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

Share this story