भोपाल के प्रकाश तरण पुष्कर में स्विमिंग के दौरान बच्चों की तबीयत बिगड़ी, सांस लेने में तकलीफ होने पर पहुंचे अस्पताल

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल के प्रकाश तरण पुष्कर में स्विमिंग के दौरान बच्चों की तबीयत बिगड़ी, सांस लेने में तकलीफ होने पर पहुंचे अस्पताल


भोपाल, 20 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के लिंक रोड नंबर-1 स्थित प्रकाश तरण पुष्कर में बुधवार शाम स्विमिंग के दौरान कई बच्चों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। घटना के बाद परिजन घबराकर बच्चों को तत्काल जेपी हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।

जानकारी के अनुसार, घटना शाम करीब 5 बजे की है। उस समय स्विमिंग पूल में लगभग 20 से 25 बच्चे मौजूद थे। इसी दौरान कुछ बच्चों को खांसी और सांस लेने में तकलीफ होने लगी। बताया जा रहा है कि करीब चार बच्चों की तबीयत प्रभावित हुई, जिनमें दो बच्चों को अधिक परेशानी होने पर तुरंत अस्पताल ले जाया गया।

परिजन सचिन जैन ने बताया कि उनकी 15 वर्षीय बेटी आध्या जैन भी स्विमिंग के लिए गई हुई थी। अचानक बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी और उनकी बेटी को लगातार खांसी आने लगी। उन्होंने बताया कि बच्ची की हालत कुछ समय के लिए बेहद खराब हो गई थी और बेहोशी जैसी स्थिति बन गई थी। वहां मौजूद महिलाओं की मदद से उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बच्चों को फिलहाल खतरे से बाहर बताया है, हालांकि एहतियात के तौर पर अगले 24 घंटे तक स्वास्थ्य पर नजर रखने की सलाह दी गई है।

क्लोरीन गैस रिसाव की आशंका

प्रकाश तरण पुष्कर के मैनेजर हेमंत जारिया ने बताया कि पाइपलाइन में तकनीकी समस्या के कारण क्लोरीन गैस का रिसाव हुआ था। हवा के दबाव के चलते गैस फैल गई, जिससे बच्चों को खांसी और सांस लेने में परेशानी हुई। उन्होंने कहा कि स्थिति सामने आते ही बच्चों को तुरंत पूल से बाहर निकाला गया और चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई। साथ ही गैस रिसाव वाली टंकी को तत्काल बदल दिया गया। घटना के बाद परिजनों में चिंता का माहौल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story