भोपाल: पार्सल वाहन कंटेनर से टकराया, चालक की मौत, यूपी से माल लेकर डिलीवरी देने आ रहा था

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल: पार्सल वाहन कंटेनर से टकराया, चालक की मौत, यूपी से माल लेकर डिलीवरी देने आ रहा था


भोपाल: पार्सल वाहन कंटेनर से टकराया, चालक की मौत, यूपी से माल लेकर डिलीवरी देने आ रहा था


भोपाल, 08 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल के सूखी सेवनिया बायपास पर रविवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में पार्सल वाहन चालक की मौत हो गई। ओवरटेक करने के प्रयास में पार्सल वाहन आगे चल रहे कंटेनर से टकरा गया, जिससे चालक गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में अस्पताल में उसकी मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान मुईन अहमद (24), पुत्र मोहम्मद सगीर अहमद, निवासी अमेठी (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। वह एक पार्सल एजेंसी का वाहन चलाते थे और उत्तर प्रदेश से माल लोड कर भोपाल में डिलीवरी देने आ रहे थे। बताया जा रहा है कि सूखी सेवनिया बायपास पर ओवरटेक करने के दौरान उनका वाहन पीछे से कंटेनर में जा घुसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे के बाद राहगीरों ने तुरंत 108 एम्बुलेंस की मदद से घायल मुईन को अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान रविवार सुबह उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। रविवार दोपहर पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story