भोपालः एक्टिव मोड’ में कार्य करें अधिकारी, लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई

WhatsApp Channel Join Now
भोपालः एक्टिव मोड’ में कार्य करें अधिकारी, लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई


- कलेक्टर ने समय-सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक में दिए स्पष्ट निर्देश, उपार्जन केंद्रों की व्यवस्थाओं पर विशेष जोर

भोपाल, 04 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के भोपाल में कलेक्टर प्रियंक मिश्रा की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट में समय-सीमा पत्रों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक हुई। बैठक में कलेक्टर मिश्रा ने विभागीय कार्यों की गहन समीक्षा करते हुए सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे पूरी तरह ‘एक्टिव मोड’ में रहकर शासकीय दायित्वों का निर्वहन करें तथा कार्यों में किसी प्रकार की शिथिलता न बरतें।

बैठक के दौरान कलेक्टर ने जिले के विभिन्न उपार्जन केंद्रों पर किए जा रहे निरीक्षणों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि उपार्जन केंद्रों पर किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। इसके लिए पेयजल, छाया, बैठने की व्यवस्था सहित सभी मूलभूत सुविधाएं अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने इन व्यवस्थाओं के अगले 10 दिनों तक जमीनी स्तर पर सतत् और प्रभावी फॉलो-अप के निर्देश भी दिए।

कलेक्टर मिश्रा ने विभिन्न आयोगों से प्राप्त लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निराकरण में लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी। जाति प्रमाण पत्रों के लंबित प्रकरणों पर कलेक्टर श्री मिश्रा ने कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों के प्रति नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन स्तरों पर आवेदन लंबित हैं, वहां तत्काल प्रभाव से कारण बताओ नोटिस जारी किए जाएं।

शासकीय कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर मिश्रा ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि समस्त कार्य अनिवार्य रूप से ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से ही किए जाएं। बैठक में कलेक्टर ने यह भी अवगत कराया कि आगामी दिनों में प्रत्येक विभाग की पृथक समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। इसके लिए सभी विभागाध्यक्षों को अपनी-अपनी विभागीय कार्ययोजना (एक्शन प्लान) तत्काल तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story