भोपाल में तेज रफ्तार कार की टक्कर से नर्सिंग छात्र की मौत, चालक फरार
भोपाल, 28 फ़रवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी के बैरागढ़ क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में नर्सिंग छात्र की जान चली गई। अज्ञात कार की टक्कर से गंभीर रूप से घायल युवक ने शनिवार तड़के अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान आकाशदीप पुत्र सुनील कुमार दीप (24) के रूप में हुई है। वह एक निजी कॉलेज से बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई कर रहा था और भैंसाखेड़ी-खजूरी सड़क इलाके में रहता था। जानकारी के मुताबिक आकाशदीप शुक्रवार देर रात निजी काम से लौट रहा था। बैरागढ़ के चंचल चौराहे पर इन दिनों निर्माण कार्य चल रहा है, जिससे यातायात प्रभावित है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वह एक कट पॉइंट पार कर रहा था, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।
अस्पताल में तोड़ा दम
राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए आकाशदीप को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान शनिवार तड़के उसकी मौत हो गई। शनिवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि अज्ञात कार और उसके चालक की पहचान की जा सके। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को चिन्हित कर कार्रवाई की जाएगी। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने निर्माणाधीन सड़कों पर सुरक्षा व्यवस्था और यातायात नियंत्रण मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

