भोपाल में एनएसयूआई का 56वां स्थापना दिवस उत्साह के साथ मनाया गया, छात्र अधिकारों को लेकर संघर्ष का लिया संकल्प

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल में एनएसयूआई का 56वां स्थापना दिवस उत्साह के साथ मनाया गया, छात्र अधिकारों को लेकर संघर्ष का लिया संकल्प


भोपाल, 09 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) का 56वां स्थापना दिवस गुरुवार काे उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने झंडावंदन कर स्थापना दिवस मनाया और छात्र हितों की रक्षा के लिए संकल्प लिया।

कार्यक्रम का नेतृत्व एनएसयूआई जिलाध्यक्ष अक्षय तोमर ने किया। उनके नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हुए, जिन्होंने संगठन की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रवक्ता विवेक त्रिपाठी उपस्थित रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा पर चलते हुए शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता लाने, छात्र-छात्राओं के अधिकारों की रक्षा करने और सामाजिक न्याय को मजबूत करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि एनएसयूआई हमेशा से छात्रों की आवाज़ बुलंद करती रही है और आगे भी शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त अनियमितताओं के खिलाफ संघर्ष जारी रखेगी।

एनएसयूआई के प्रदेश उपाध्यक्ष रवि परमार ने अपने संबोधन में छात्रसंघ चुनावों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि “छात्रसंघ चुनाव छात्रों का अधिकार है और एनएसयूआई इसे हर हाल में दिलवाकर रहेगी।”

इस अवसर पर सेवा दल के ध्वज प्रभारी मोईन सिद्दीकी, पूर्व जिलाध्यक्ष आकाश शर्मा, आदित्य सोनी, वरुण कुलकर्णी, विदुषी शर्मा, प्रदेश महासचिव सैयद अल्तमस, मौसम डैहरिया, योगेश सोनी, प्रतीक यादव, आशीष शर्मा, जिला उपाध्यक्ष अमित हाटिया, लक्की चौबे, धीरज वर्मा, आदर्श रघुवंशी, अनिमेष गोल्डी, राजवीर सिंह, रितिक शर्मा, वंश कनोजिया सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने एनएसयूआई के स्थापना दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह देश का एक प्रमुख छात्र संगठन है, जिसने शिक्षा, रोजगार, सामाजिक न्याय और संविधान प्रदत्त लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए हमेशा अग्रणी भूमिका निभाई है। सभी कार्यकर्ताओं ने छात्र हितों की रक्षा और संगठन को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story