भोपाल: मैपकास्ट में सोमवार को मनाया जाएगा राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल: मैपकास्ट में सोमवार को मनाया जाएगा राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस


- 27 प्रमुख शिक्षण संस्थानों के 250 से अधिक विद्यार्थी और शिक्षक होंगे शामिल

- युवाओं में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार और तकनीकी जागरूकता को मिलेगा प्रोत्साहन

भोपाल, 10 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (मैपकास्ट) द्वारा सोमवार, 11 मई को 'राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस' का भव्य आयोजन किया जाएगा। विज्ञान भवन के मुख्य सभागार में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में भोपाल शहर के 27 प्रमुख शिक्षण संस्थानों के 250 से अधिक विद्यार्थी और शिक्षक सहभागिता करेंगे।

जनसंपर्क अधिकारी जूही श्रीवास्तव ने रविवार को बताया कि मैपकास्ट की ‘विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी लोकव्यापीकरण’ योजना के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार और तकनीकी जागरूकता को प्रोत्साहित करना है। परिषद के कार्यकारी निदेशक डॉ. विवेक कटारे और विज्ञान लोकव्यापीकरण योजना के प्रभारी डॉ. विकास शेंडे विद्यार्थियों से संवाद करेंगे और भारत द्वारा विकसित स्वदेशी तकनीक के महत्व पर प्रकाश डालेंगे।

ख्याति प्राप्त विशेषज्ञों का होगा मार्गदर्शन

कार्यक्रम में आधुनिक तकनीक और राष्ट्र निर्माण में विज्ञान की भूमिका पर विशेष व्याख्यान आयोजित किए जाएंगे। मुख्य वक्ता के रूप में प्रसिद्ध उद्योगपति व लाइफ कोच डॉ. राजीव अग्रवाल और मौलाना आजाद राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (मैनिट), भोपाल के कंप्यूटर विज्ञान विभाग के सहायक प्रोफेसर डॉ. विजय भास्कर सेमवाल उपस्थित रहेंगे।विशेषज्ञों द्वारा नवाचार के नए आयाम और भविष्य की चुनौतियों पर जानकारी साझा की जाएगी।

रोबोटिक्स कार्यशाला में मॉडल तैयार करेंगे विद्यार्थी

तकनीकी कौशल को व्यावहारिक रूप देने के लिए एक विशेष रोबोटिक्स कार्यशाला का आयोजन भी किया जाएगा। रोबोनॉट्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक अर्पित सोनी प्रतिभागियों को रोबोटिक्स और ऑटोमेशन की बारीकियों से अवगत कराएंगे। इसमें विद्यार्थी स्वयं विभिन्न टीमों में विभक्त होकर रोबोटिक्स मॉडल्स तैयार करेंगे, जिससे उन्हें इस उभरते क्षेत्र का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त होगा। यह आयोजन प्रदेश के युवाओं को अनुसंधान और नवाचार की दिशा में प्रेरित करने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच साबित होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Share this story